साल 2023 कई मायनों में बेहद खास रहा क्योंकि दुनिया भर में गेंदबाजों और बल्लेबाजों के बीच जोरदार भिड़ंत देखने को मिली. यही वजह है कि पूरे साल कई खिलाड़ियों ने रिकॉर्ड्स की छड़ी लगा दी. इस दौरान कई खिलाड़ियों ने सालों पुराने रिकॉर्ड्स को ध्वस्त कर नया कीर्तिमान स्थापित किया. आइए एक नजर डालते हैं ऐसे पांच नायाब रिकॉर्ड्स पर जिन्हें क्रिकेट जगत सालों तक याद रखेगा.
विराट कोहली ने लगाया शतकों का अर्धशतक
मौजूदा दौर के सबसे बेहतरीन बल्लेबाज विराट कोहली के लिए यह पूरा साल किसी सपने से कम नहीं रहा. हर साल की तरह इस साल भी विराट ने अपने बल्ले से कई छोटे-बड़े रिकॉर्ड्स को ध्वस्त किया. लेकिन वनडे वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ धमाकेदार शतक लगाकर विराट कोहली ने वनडे क्रिकेट में शतकों का अर्धशतक ठोक दिया. इसके साथ ही मॉर्डन मास्टर ने क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर (49 शतक) को भी पछाड़ दिया.
वानखेड़े के मैदान पर आया मैक्सवेल का तूफान
भारत की मेजबानी में खेला गया वनडे वर्ल्ड कप 2023 ऑस्ट्रेलिया के साथ-साथ ग्लेन मैक्सवेल के लिए भी बेहद शानदार रहा. अफगानिस्तान के खिलाफ टूर्नामेंट के ग्रुप स्टेज मुकाबले में मैक्सवेल के बल्ले से क्रिकेट इतिहास की सबसे नायाब पारी निकली थी. वानखेड़े के मैदान पर ग्लेन मैक्सवेल ने मुश्किल परिस्थितियों में चोटों से जूझते हुए महज 128 गेंदों में 201 रनों की नाबाद पारी खेली थी. इसके साथ ही मैक्सवेल रनों का पीछा करते हुए वनडे क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए.
हिटमैन बने वर्ल्ड क्रिकेट के सिक्सर किंग
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा भले ही वनडे वर्ल्ड कप का खिताब नहीं जीत पाए. लेकिन इस पूरे साल हिटमैन ने अपनी तूफानी और बेखौफ बल्लेबाजी से सभी का दिल जीत लिया. इस दौरान रोहित शर्मा इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी भी बन गए. वनडे वर्ल्ड कप में अफगानिस्तान के खिलाफ तीन छक्के लगाकर रोहित ने यूनिवर्स बॉस के इंटरनेशनल क्रिकेट में 553 छक्कों के रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया. इसके साथ ही हि-मैन वनडे वर्ल्ड कप में 31 छक्कों के साथ सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी रहे.
युवराज सिंह का टूटा 16 साल पुराना रिकॉर्ड
टी-20 इंटरनेशनल में सबसे तेज अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड पिछले 15 सालों से युवराज सिंह के नाम दर्ज था. युवराज ने साल 2007 टी-20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ महज 12 गेंदों में अर्धशतक ठोक दिया था. लेकिन इस साल एशियन गेम्स में नेपाल के दीपेंद्र सिंह ऐरी ने महज 9 गेंदों में 8 छक्कों की मदद से सबसे तेज अर्धशतक लगाकर तहलका मचा दिया. इस दौरान उन्होंने महज 10 गेंदों में 52 रनों की पारी खेली थी.
रफ्तार के सौदागर मोहम्मद शमी का कमाल
वनडे वर्ल्ड कप में भारतीय टीम के अच्छे प्रदर्शन में सबसे अहम भूमिका तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने निभाई थी. मोहम्मद शमी महज 7 मैचों में 24 विकटों के साथ टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे. इस दौरान शमी वनडे वर्ल्ड कप में सबसे तेज 50 विकेट लने वाले गेंदबाज भी बन गए. शमी ने मिचेल स्टार्क को पछाड़कर महज 17 पारियों में इस कारनामे को अंजाम दिया. स्टार्क ने 19 पारियों में यह मुकाम हासिल किया था.
यह भी पढ़ें: Year Ender 2023: टीम इंडिया ने हासिल किया खास मुकाम, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका को पछाड़ा, इस लिस्ट में बनाई जगह
यह भी पढ़ें: "मैं निश्चित रूप से सेना के साथ..." क्रिकेट के बाद क्या करेंगे धोनी, पूर्व कप्तान ने बताया आगे का प्लान














