भारतीय सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के पहले मैच के दूसरे दिन 85 रनों की पारी खेली. अपनी पारी के दौरान उन्होंने 16 चौके लगाए. जायसवाल अपने शतक की ओर तेजी से बढ़ रहे थे, तभी वह मैट हेनरी का शिकार बने. भले ही जायसवाल शतक से चूक गए, लेकिन इस दौरान उन्होंने एक मेगा रिकॉर्ड लिस्ट में विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया है. जायसवाल अब भारत की तरफ से वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में विराट कोहली को पछाड़कर पांचवें पायदान पर आ गए हैं.
जायसवाल के नाम 31 मैचों की 57 पारियों में 48.6 की औसत से 2673 रन हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 7 शतक और 14 अर्द्धशतक आए हैं. जबकि कोहली के नाम 46 मैचों की 79 पारियों में 35.36 की औसत से 2617 रन है. इस लिस्ट में टॉप पर ऋषभ पंत हैं जबकि दूसरे स्थान पर शुभमन गिल. वहीं रोहित शर्मा तीसरे, रवींद्र जडेजा चौथे स्थान पर हैं.
WTC में सबसे अधिक रन बनाने वाले भारतीय
- ऋषभ पंत - 43 मैच, 74 पारियां, 2948 रन
- शुभमन गिल - 43 मैच, 76 पारियां, 2917 रन
- रोहित शर्मा - 40 मैच, 69 पारियां, 2716 रन
- रवींद्र जडेजा - 50 मैच, 76 पारियां, 2675 रन
- यशस्वी जायसवाल - 31 मैच, 57 पारियां, 2673 रन
- विराट कोहली - 46 मैच, 79 पारियां, 2617 रन
पंत-गिल के बीच नंबर-1 की जंग
सबसे मजेदार बात यह है कि कप्तान शुभमन गिल और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत के बीच नंबर-1 की जंग चल रही है. ऋषभ पंत ने अभी तक 43 मैचों की 74 पारियों में 42.11 की औसत से 2948 रन बनाए हैं और वो लिस्ट में टॉप पर हैं. वहीं कप्तान गिल 43 मैचों की 76 पारियों में 2917 रनों के साथ दूसरे स्थान पर हैं. वेलिंगटन टेस्ट में दोनों बल्लेबाजों की बारी अभी आना बाकी है. गिल जिस फॉर्म में चल रहे हैं, उससे यह उम्मीद करना गलत नहीं होगा कि वह पंत को शानिवार को पीछे छोड़ देंगे. गिल को पंत से आगे निकलने के लिए सिर्फ 32 रनों की जरूरत है. हालांकि, अगर पंत का बल्ला चला को कप्तान को दूसरी पारी का इंतजार करना पड़ सकता है.
वेलिंगटन टेस्ट का दूसरा दिन भारत के नाम
भारत ने बेसिन रिजर्व में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जा रहे टेस्ट मैच के दूसरे दिन की समाप्ति के समय 1 विकेट के नुकसान पर 159 रन बना लिए थे.केएल राहुल 52 और देवदत्त पडिक्कल 16 रन बनाकर क्रीज पर हैं.भारत की तरफ से पारी की शुरुआत यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने की. शुरुआत धीमी रही, लेकिन एक बार लय मिलने के बाद भारतीय ओपनरों ने मैदान के चारों ओर रन बनाए.
जायसवाल बेहद आक्रामक रहे. बाएं हाथ का यह युवा सलामी बल्लेबाज शतक से चूक गया. जायसवाल 89 गेंदों पर 16 चौकों की मदद से 85 रन बनाकर आउट हुए. जायसवाल को मैट हेनरी ने आउट किया. आउट होने से पहले इस खिलाड़ी ने पहले विकेट के लिए केएल राहुल के साथ 27.5 ओवर में 130 रन की साझेदारी कर भारतीय टीम को मजबूत शुरुआत दी.
केएल राहुल 116 गेंदों पर 5 चौकों की मदद से 52 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं, जबकि तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए पडिक्कल 35 गेंदों पर 3 चौकों की मदद से 16 रन बनाकर खेल रहे हैं. दोनों के बीच 29 रन की साझेदारी हो चुकी है. भारतीय टीम न्यूजीलैंड की पहली पारी के स्कोर से अभी भी 209 रन पीछे है.
इससे पहले दूसरे दिन की शुरुआत न्यूजीलैंड ने 5 विकेट पर 243 रन से की थी. निकोलस 113 और ग्लेन फिलिप्स 94 रन बनाकर नाबाद थे. फिलिप्स ने शानदार शतक लगाया. वह 216 गेंदों पर 118 रन बनाकर आउट हुए. फिलिप्स और निकोलस ने छठे विकेट के लिए 216 रन की साझेदारी की.
फिलिप्स का विकेट गिरने के बाद भी निकोलस ने एक छोर थामे रखा और नाथन स्मिथ (14) के साथ सातवें विकेट के लिए 32, काइल जैमिसन (11) के साथ आठवें विकेट के लिए 25 और जैकब डफी (4) के साथ दसवें विकेट के लिए 20 रन की साझेदारी कर टीम का स्कोर 368 रन तक पहुंचाया. हेनरी निकोलस 335 गेंदों पर 21 चौकों की मदद से 175 रन बनाकर नाबाद रहे. भारत की तरफ से जसप्रीत बुमराह ने 4 विकेट, आकाशदीप ने 3 विकेट, अंशुल कंबोज ने 2 विकेट और प्रसिद्ध कृष्णा ने 1 विकेट लिया.। वॉशिंगटन सुंदर को विकेट नहीं मिला.
यह भी पढ़ें: प्रिंस-हर्षित के सामने नेपाल ने टेके घुटने, भारत ने 306 रनों से जीता मैच, दर्ज की लिस्ट ए की सबसे बड़ी जीत
यह भी पढ़ें: SRH की मालकिन काव्या मारन की शादी में कर्मचारियों की लगी लॉटरी! गिफ्ट में मिली गोल्ड रिंग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं