Off Spin Challenge for Team India vs New Zealand, T20 World Cup Final: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के महामुकाबले यानी फाइनल की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है. आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाली इस खिताबी भिड़ंत से पहले एक ऐसा आंकड़ा सामने आया है, जिसने कप्तान सूर्यकुमार यादव और कोच गौतम गंभीर की टेंशन बढ़ा दी है. क्या 'ऑफस्पिन' टीम इंडिया के विश्व विजेता बनने के सपने में रोड़ा बनेगी ये सवाल सबसे बड़ा है. चलिए आंकड़ों से समझिए इस टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय बल्लेबाजों की इस 'कमजोरी' की कहानी.
फाइनल से पहले टीम इंडिया के लिए 'खतरे की घंटी'
सेमीफाइनल में इंग्लैंड को धूल चटाने के बाद टीम इंडिया जोश से भरी है, लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल से पहले ईएसपीएन क्रिकइन्फो (ESPNcricinfo) के ताजा आंकड़ों ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है. इस पूरे टूर्नामेंट में भारतीय टॉप-ऑर्डर और मिडिल-ऑर्डर के धुरंधर बल्लेबाज ऑफ स्पिन गेंदबाजों के सामने बेबस नजर आए हैं.
ऑफ स्पिन के खिलाफ बेअसर भारतीय शेर!
टूर्नामेंट के अब तक के मैचों की बात करें तो भारतीय बल्लेबाजों का ऑफ स्पिन के खिलाफ प्रदर्शन चिंताजनक रहा है. जिसमे ईशान किशन से लेकर खुद कप्तान सूर्या भी शामिल हैं.
ईशान किशन: सबसे ज्यादा संघर्ष किशन ने किया है. उन्होंने 6 पारियों में 65 रन बनाए हैं, लेकिन 5 बार ऑफस्पिनर को अपना विकेट दे बैठे हैं. उनका औसत महज 13.00 का रहा है.
अभिषेक शर्मा: युवा सनसनी अभिषेक शर्मा के लिए भी ऑफस्पिन काल साबित हुई है. 5 पारियों में केवल 29 रन बनाकर वे 3 बार आउट हुए हैं, उनका औसत सिर्फ 9.67 रहा है.
तिलक वर्मा: तिलक ने 5 पारियों में 43 रन बनाए हैं और 2 बार अपना विकेट गंवाया है, उनका औसत 21.50 का रहा है.
सूर्यकुमार यादव: कप्तान सूर्या इस मामले में थोड़े बेहतर दिखे हैं. 5 पारियों में उन्होंने 39 रन बनाए हैं और केवल 1 बार आउट हुए हैं.
शिवम दुबे: दुबे इकलौते ऐसे बल्लेबाज रहे हैं जिन्हें इस टूर्नामेंट में अब तक कोई ऑफस्पिनर आउट नहीं कर पाया है, उन्होंने 4 पारियों में 27 रन बनाए हैं.
कोच गंभीर और कप्तान सूर्या के लिए सबसे बड़ी चुनौती
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच पर अक्सर स्पिनर्स को मदद मिलती है. न्यूजीलैंड के पास ग्लेन फिलिप्स और मिचेल सैंटनर जैसे चतुर गेंदबाज हैं जो ऑफ स्पिन का बेहतरीन इस्तेमाल कर भारतीय बल्लेबाजों को फंसा सकते हैं. कोच गौतम गंभीर और सूर्या को फाइनल से पहले इस 'कमजोरी' पर खास रणनीति के साथ उतरना होगा, क्योंकि आज के मुकाबले में हर एक छोटी सी गलती टीम को वर्ल्ड कप की ट्रॉफी हाथ से दूर कर सकती है.
इसमें कोई शक नहीं कि भारत इस बार खिताब का प्रबल दावेदार है, लेकिन ऑफ स्पिन के खिलाफ यह खराब औसत फाइनल में भारी पड़ सकता है. अगर भारत को फाइनल जीतकर इतिहास रचना है और अपने ट्रॉफी को घर से बाहर नहीं जानें देना है तो उसे कीवी स्पिनर्स के इस जाल को हर हाल में तोड़ना होगा.














