Why No Prize Money by ICC to U19 WC Winner Team India: भारत ने इंग्लैंड को वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में 100 रन से मात देकर छठी बार खिताब अपने नाम कर लिया है. शुक्रवार को खेले गए इस ऐतिहासिक मुकाबले में भारत के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने 30 बाउंड्री के साथ 175 रन की यादगार पारी खेली. हरारे स्पोर्ट्स क्लब में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 9 विकेट खोकर 411 रन बनाए. इसके जवाब में इंग्लिश टीम 40.2 ओवरों में 311 रन पर सिमट गई.
ICC से क्यों नहीं मिलती है प्राइज मनी?
अंडर-19 वर्ल्ड कप में इस शानदार जीत के बावजूद, भारतीय खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की ओर से कोई नकद पुरस्कार राशि नहीं मिली है. इसके पीछे के कारण ये हैं की ICC अंडर-19 वर्ल्ड कप को एक कमर्शियल मुकाबले के बजाय एक 'डेवलपमेंट टूर्नामेंट' के रूप में देखता है. इसका मुख्य उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच देना और उनकी प्रतिभा को निखारना है.
इसके साथ ही ICC अपनी गवर्निंग बॉडी के माध्यम से पहले से ही सदस्य देशों को 'डेवलपमेंट प्रोग्राम' के तहत फंडिंग देता है. इसलिए, टूर्नामेंट के अंत में विजेता या उप-विजेता के लिए अलग से कोई इनामी राशि घोषित नहीं की जाती है.
BCCI द्वारा मिलेगा नकद इनाम!
भले ही ICC से इनाम न मिला हो, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों को खाली हाथ नहीं रहना पड़ेगा. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की पुरानी परंपरा रही है कि वह अपनी जूनियर टीमों की वैश्विक सफलता का जश्न भारी-भरकम नकद पुरस्कारों के साथ मनाता है. साल 2022 में पुरुष टीम के यश ढुल की कप्तानी में खिताब जीतने पर BCCI ने हर खिलाड़ी को 40 लाख रुपये और सपोर्ट स्टाफ को 25 लाख रुपये दिए थे. वहीं साल 2023 और 2025 मेें खिताब जीतने वाली महिला U19 टीमों के लिए बोर्ड ने सामूहिक रूप से 5 करोड़ रुपये के इनाम की घोषणा की थी.
हालांकि अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन 2026 के विश्व कप में भारत की ऐतिहासिक जीत को देखते हुए यह तय माना जा रहा है कि बीसीसीआई जल्द ही खिलाड़ियों और कोचों के लिए बड़े नकद पुरस्कारों का ऐलान करेगी.














