भारत कब बनेगा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का चैंपियन? असली क्रिकेट पर सौरव गांगुली ने दिया बड़ा बयान

सौरव गांगुली कहना है कि भारतीय टीम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियन भी बन जाएगी. भारत ने 43 साल पहले पहली बार वनडे वर्ल्ड कप का खिताब जीता था.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
Sourav Ganguly

भारत ने इसी महीने तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतकर इतिहास कायम कर दिया. भारत इससे पहले 1983 और 2011 में दो बार वनडे वर्ल्ड का खिताब भी जीत चुका है. लेकिन भारत अब तक वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम करने में नाकाम रहा है. दिल्ली में ‘जैक्सन ग्रुप' का ब्रैंड अंबैसडर बनने के मौके पर पूर्व भारतीय कप्तान ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप और सभी फॉर्मेट के क्रिकेट को लेकर खुलकर बात की. गांगुली ने ये भी बताया कि वो किस फॉर्मेट को सबसे आसान और किस फॉर्मेट को सबसे मुश्किल मानते हैं. 

‘टेस्ट क्रिकेट है असली क्रिकेट'

जैक्सन ग्रुप के ब्रैंड अंबैसडर बनने के मौके पर NDTV के सवाल का जवाब देते हुए पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने कहा, 'देखिए टेस्ट क्रिकेट ही अल्टीमेट क्रिकेट है और ये बहुत मुश्किल फॉर्मेट है. हम जब खेलते थे तो कोच घंटों गेंदबाज को कहते थे कि वो गेंद डालता रहे. मैं मानता हूं कि टी20 सबसे आसान फॉर्मेट वाला क्रिकेट है. आप एक दिन में चार ओवर गेंद किसी तरह डाल सकते हैं. लेकिन लगातार दिन भर 20 से 25 ओवर गेंद डालना आसान नहीं है. इसलिए टेस्ट क्रिकेट में खिलाड़ी का असली इम्तिहान होता है.' 

वनडे में दो बार टी20 में तीन बार चैंपियन

गांगुली ने ये भी कहा कि भारत जल्दी ही वर्ल्ड टेस्ट चैंपियन भी बन जाएगा. भारत ने सबसे पहले 43 साल पहले पहली बार वनडे वर्ल्ड कप का खिताब जीता था. अगला वनडे वर्ल्ड कप जीतने में उसे 28 साल लग गए जब एमएस धोनी की कप्तानी में सचिन तेंदुलकर के साथ टीम इंडिया ने दूसरी बार वनडे वर्ल्ड कप का खिताब जीता. 

2007 में भारत ने पहली बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब दक्षिण अफ्रीका में जीता. 17 साल बाद 2024 में भारत ने वेस्टइंडीज में और फिर इसी साल अहमदाबाद में तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतकर भारत ने इतिहास कायम कर दिया.

Advertisement

कब जीतेंगे वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप?

लेकिन वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब अब भी भारत के लिए एक चैलेंज बना हुआ है. वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में टीम इंडिया दो बार उपविजेता रही है. लेकिन अबतक खिताब की चुनौती बनी हुई है. पहली बार 2019-21 के साइकिल के फाइनल में न्यूजीलैंड ने भारत को आठ विकेट से शिकस्त दी थी. 

2021-23 के साइकिल के फाइनल में भारत को ऑस्ट्रेलिया से हार का सामना करना पड़ा. पिछले साल 2025 में खेले गए फाइनल में दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर खिताब जीता. 

Advertisement

‘युवा क्रिकेटर खेलना चाहते हैं टेस्ट क्रिकेट'

मौजूदा भारतीय टीम के टैलेंट को देखकर पूर्व कप्तान सौरव गांगुली आश्वस्त दिखे. उनका मानना है कि टीम इंडिया जल्दी ही टेस्ट फॉर्मेट में भी अपनी बादशाहत साबित कर देगी. NDTV के सवाल का जवाब देते हुए सौरव गांगुली ने कहा, 'भारत जल्दी ही वर्ल्ड टेस्ट चैंपियन भी बन जाएगा. भारत की टीम बहुत अच्छी है और ये देखकर अच्छा लगता है कि युवा क्रिकेटर टेस्ट क्रिकेट खेलना चाहते हैं.'

यह भी पढ़ें- सगाई के सवाल पर क्यों लड़खड़ाने लगे पृथ्वी शॉ? IPL की तैयारी पर कही 100% वाली बात

Featured Video Of The Day
Bangladesh Bus Accident: नदी में गिरी 40 यात्रियों से भरी बस, 23 की मौत, कई लापता | BREAKING NEWS
Topics mentioned in this article