Shaheen Shah Afridi: पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के पांचवें और आखिरी टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 42 रनों से जीत दर्ज की है. बतौर कप्तान शाहीन अफरीदी की अगुवाई में टीम ने पहली जीत दर्ज की है. इस सीरीज के शुरुआती चारों मैच में टीम को हार का सामना करना पड़ा था. वहीं इस मैच के बाद पाकिस्तानी कप्तान ने इस साल अमेरिका और वेस्टइंडीज में होने वाले टी20 विश्व कप 2024 के लिए टीम को लेकर बड़ा अपडेट दिया है. बता दें, वनडे विश्व कप 2023 में पाकिस्तानी टीम के खराब प्रदर्शन के बाद शाहीन अफरीदी को टी20 टीम की कमान सौंपी गई थी और न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज, उनकी अगुवाई में टीम की पहली सीरीज रही, जिसमें टीम को 1-4 से हार का सामना करना पड़ा.
न्यूजीलैंड के खिलाफ क्राइस्टचर्च में जीत दर्ज करने के बाद शाहीन अफरीदी के कहा कि टीम ने विश्व कप के लिए 16-20 खिलाड़ियों को चुन लिया है. इस दौरान शाहीन ने इफ्तिखार की भी तारीफ की. शाहीन ने पोस्ट मैच प्रजेंटेशन में कहा,"इफ्ति (इफ्तिखार) एक बहुत ही अनुभवी खिलाड़ी है और वह गेंदबाजी के लिए हमेशा तैयार रहता है, लेकिन हम हर किसी को उचित मौका देना चाहते थे इसलिए हम इस सीरीज में युवाओं को मौका देने की योजना बना रहे थे, हमने 16-20 खिलाड़ियों को चुना (टी20 विश्व कप के लिए) है. मैं सभी को धन्यवाद देना चाहता हूं, क्राउड शानदार था." पाकिस्तान ने साल 2009 में टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया था.
पाकिस्तान के लिए बीते दो टी20 विश्व कप शानदार रहे थे. साल 2021 में हुए टी20 विश्व कप में पाकिस्तान ने सेमीफाइनल में जगह बनाई थी, जबकि 2022 में टीम फाइनल में पहुंचने में सफल रही थी. ऐसे में पाकिस्तान इस बार भी शानदार प्रदर्शन करना चाहेगी. आईसीसी टी20 विश्व कप 2024 के लिए पाकिस्तान को भारत, आयरलैंड, अमेरिका और कनाडा के साथ ग्रुप ए में रखा गया है. पाकिस्तान 6 जून को अमेरिका के खिलाफ अपने अभियान का आगाज करेगी, जबकि भारत से उसका सामना 9 जून को होना है.
बात अगर मैच की करें तो पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया था. मुहम्मद रिज़वान की 38 रनों की पारी के दम पर टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 134 रन बनाए थे. पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज हसीबुल्लाह खान इस मैच में खाता भी नहीं खोल पाए थे, जबकि बाबर आजम 13 रन बनाकर पवेलियन लौटे. लग रहा था कि पाकिस्तान यह मैच भी हार जाएगी, लेकिन उसके गेंदबाजों ने ऐसा नहीं होने दिया.
पाकिस्तान से मिले 135 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम सिर्फ 92 रनों पर ढेर हो गई. न्यूजीलैंड की टीम मैच में पूरे 50 ओवर भी नहीं खेल पाई. न्यूजीलैंड के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स रहे, जिन्होंने 26 रनों की पारी खेली. पाकिस्तान के लिए इफ्तिखार अहमद ने अपने चार ओवरों के कोटे में 24 रन देकर 3 विकेट हासिल किए. उनके अलावा मुहम्मद नवाज और कप्तान शाहीन शाह फ़रीदी ने दो-दो विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की.
यह भी पढ़ें: "साथ होते तो बहुत अच्छा होता..." जब शोएब मलिक ने सानिया मिर्जा से तलाक की खबरों पर तोड़ी थी चुप्पी














