आईपीएल में अपनी बल्लेबाजी से सनसनी मचाने वाले वैभव सूर्यवंशी अब इंडियन क्रिकेट टीम के लिए खेलने वाले हैं. वैभव सूर्यवंशी का टीम इंडिया में सिलेक्शन हो गया है. वैभव के सिलेक्शन पर उनके पिता ने भावुक होते हुए कहा कि उनके बेटे का बचपन का सपना पूरा हो गया.
वैभव टीम इंडिया के लिए खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं. उन्होंने क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. 1989 में जब सचिन का सिलेक्शन हुआ था, तब उनकी उम्र 16 साल 205 दिन थी. वहीं, आज जब वैभव सूर्यवंशी के सिलेक्शन का ऐलान हुआ, तब उनकी उम्र 15 साल 15 दिन है.
बेटे वैभव के सिलेक्शन पर उनके पिता संजीव सूर्यवंशी ने भावुक होते हुए कहा कि 'बचपन से उसने बहुत मेहनत की और उसी मेहनत का फल मिला है. देश के लिए खेलने का सौभाग्य मिला है. अब यही आशा है कि देश के लिए खूब अच्छा खेले, खूब मैच जिताए, खूब रन बनाए.'
उन्होंने कहा कि 'दुनिया में हर माता-पिता अपने बच्चों के लिए मेहनत करते हैं. हमारी भी यही इच्छा थी. बच्चे ने बचपन से मेहनत की है और हमारी मनोकामना पूरी की है.'
उन्होंने BCCI और सिलेक्टर्स का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि उन्होंने भरोसा जताया है और अब उनके विश्वास पर वैभव खरा उतरेगा. उन्होंने NDTV से बात करते हुए कहा कि 'बच्चा जो 5 साल से मेहनत किया है, उसी मेहनत का फल मिला है.'
सिलेक्टर्स का धन्यवाद करते हुए वैभव के पिता ने आगे कहा कि 'हम दिल से धन्यवाद देते हैं उनको. हाथ जोड़कर प्रणाम करते हैं कि उन्होंने मेरे छोटे से बच्चे पर उन लोगों ने इतना विश्वास जताया है. हमारा बच्चा सभी के विश्वास पर खरा उतरेगा. अच्छा खेलेगा और देश को गौरवान्वित करेगा.'
वहीं, वैभव के दादी उषा सिंह ने NDTV से कहा कि 'इतनी खुशी हमें कभी नहीं हुई. उसका खेल देखकर हमें पूरी उम्मीद थी.'