IPL की ट्रॉफी पर लिखा है 'यत्र प्रतिभा अवसर प्राप्नोति:', वैभव सूर्यवंशी इसे बहुत ऊंचाई पर ले गए

IPL 2026 की ट्रॉफी बेशक RCB ने जीती, पर इस पूरे टूर्नामेंट के दौरान जिस एक क्रिकेटर की चर्चा सबसे अधिक हुई- वो हैं वैभव सूर्यवंशी. वैभव के IPL में बड़े-बड़े धमाके ने इस टूर्नामेंट के मकसद 'यत्र प्रतिभा अवसर प्राप्नोतिः' को ऐसी ऊंचाई दी है जहां पहुंच पाना नई प्रतिभा के लिए आसान नहीं होगा.

विज्ञापन
Read Time: 6 mins
सिक्सर किंग वैभव सूर्यवंशी IPL के 23 मैचों में 96 छक्के जमा चुके हैं
X @rajasthanroyals

बहुत कम लोग जानते हैं कि IPL की ट्रॉफी पर संस्कृत में एक वाक्य उकेरा गया है, जो IPL के सबसे बड़े उद्देश्य को बयां करता है. IPL की ट्रॉफी पर संस्कृत में उकेरा गया है- यत्र प्रतिभा अवसर प्राप्नोति: यानी जहां प्रतिभा को अवसर प्राप्त होता है. आईपीएल की यही सोच और मकसद भी है. यह युवा क्रिकेटरों को एक मंच प्रदान करता है. जहां वो अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हैं, उसे निखारते हैं, और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की ओर अपने कदम बढ़ाते हैं. इस साल ऑरेंज कैप, इमर्जिंग प्लेयर, प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट और सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन के साथ-साथ टूर्नामेंट में सबसे अधिक छक्का जमाने वाले क्रिकेटर बने वैभव सूर्यवंशी इसे नई ऊंचाई पर ले गए हैं. साथ ही यह भी साबित हो गया कि IPL प्रतिभाओं को पहचान देने वाला सबसे बड़ा मंच है.

अपनी टीम राजस्थान को फाइनल में नहीं पहुंचाने का मलाल वैभव को बहुत है. वो कहते हैं, "जो काम इस साल पूरा नहीं हो सका, उम्मीद है उसे हम अगले साल पूरा करेंगे और दूसरी बार ट्रॉफी जीतेंगे."

कहते हैं जब आप एक बड़ा सपना देखने की हिम्मत करते हैं और उसके लिए पूरा प्रयास करते हैं तो पूरी कायनात उसे हासिल करने में आपकी मदद करती हैं और वैभव के साथ यही हुआ. इस टूर्नामेंट से पहले उन्होंने एक सपना देखा था. ये सपना था यूनिवर्स बॉस यानी क्रिस गेल के बड़े-बड़े रिकॉर्ड को तोड़ने का. उन्होंने बड़े सपने देखने की हिम्मत की, और इस ब्रह्मांड ने उसका जवाब दिया. 

वैभव ने किसी एक IPL सीजन में क्रिस गेल के सबसे अधिक छक्के जमाने के उस रिकॉर्ड को ध्वस्त किया, जिसके आसपास भी बीते एक दशक से भी अधिक समय के दौरान कोई नहीं पहुंच सका. 

Advertisement

Photo Credit: X @rajasthanroyals

सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड

IPL 2026 में 72 छक्के जमा कर वैभव ने 2012 के सीजन में क्रिस गेल के 59 छक्कों के रिकॉर्ड को बड़े अंतर से पीछे छोड़ दिया. IPL के केवल 23 मैचों में 96 छक्के जमा चुके वैभव फिलहाल क्रिस गेल के 357 छक्कों के ऑल टाइम रिकॉर्ड से तो दूर हैं, पर उन्होंने ये बता दिया है कि उनका (गेल का) सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड तोड़ना अब दूर नहीं है. 

पिछले सीजन में वैभव केवल 35 गेंदों पर, तो इस सीजन में 36 गेंदों पर शतक जमा चुके हैं. इसी सीजन में वैभव सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 28 गेंदों पर 97 बना चुके थे, लेकिन 29वीं गेंद पर बाउंड्री जमाने की कोशिश में वो आउट हो गए.

Advertisement

बता दें कि क्रिस गेल ने 2013 में एक ऐतिहासिक पारी खेली थी, तब उन्होंने केवल 66 गेंदों पर नाबाद 175 रन बना दिए थे. उसी दौरान गेल ने सबसे तेज शतक समेत एक पारी में 17 छक्के का रिकॉर्ड अपने नाम किया था.

Photo Credit: BCCI

"यत्र प्रतिभा अवसर प्राप्नोति:"

अर्थात, "जहां प्रतिभा को अवसर प्राप्त होता है."

करीब दो दशक पहले जब इंडियन प्रीमियर लीग की शुरुआत हुई थी, तब इसका उद्देश्य मनोरंजन और क्रिकेट के नए फॉर्मेट को भारत समेत पूरे विश्व के क्रिकेट फैन्स के सामने स्थापित करने के साथ-साथ ऐसी प्रतिभाओं को मंच देना था, जिन्हें संभवतः राष्ट्रीय टीम तक पहुंचने में वर्षों लग जाते.

ऐसे खिलाड़ियों को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटरों के साथ खेलने का मौका देना, जिनके पास हुनर तो था लेकिन पहचान नहीं हासिल थी.

IPL 2026 में अगर किसी एक खिलाड़ी ने इस सोच को सबसे मजबूती से जीवंत किया है, तो वह नाम है वैभव सूर्यवंशी.

Advertisement

जिसने बदल दी क्रिकेट की दुनिया

कुछ साल पहले तक जिस खिलाड़ी को दुनिया जानती तक नहीं थी, उसने पिछले साल ही आईपीएल में अपने हाथ दिखाए. सबसे तेज शतक जमाने वाले भारतीय बने.

Advertisement

फिर आया IPL 2026.

वैभव ने पूरे सीजन में जिस तरह बल्लेबाजी की, उसने क्रिकेट विशेषज्ञों, पूर्व खिलाड़ियों और दुनिया भर के प्रशंसकों को हैरान कर दिया. पूरे सीजन वह केवल रन नहीं बनाते रहे, बल्कि मैचों का रुख भी बदल रहे. उनकी बल्लेबाजी में निडरता, आत्मविश्वास और आधुनिक टी20 क्रिकेट की पूरी झलक दिखाई देती है.

ऑरेंज कैप जीतकर रचा इतिहास

IPL में ऑरेंज कैप जीतना किसी भी बल्लेबाज के लिए सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक माना जाता है. यह पूरे सीजन में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज को दी जाती है. इस बार यह सम्मान वैभव सूर्यवंशी के सिर सजा.

एक ऐसे खिलाड़ी ने, जो उम्र के लिहाज से कई विरोधी गेंदबाजों से लगभग आधी उम्र के हैं, पूरे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाकर दिखाया कि प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती.

यह सिर्फ व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं थी. यह उस सोच की जीत थी, जो कहती है कि अगर मंच मिले तो युवा खिलाड़ी दुनिया के सबसे बड़े सितारों को भी पीछे छोड़ सकते हैं.

इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन

IPL का इमर्जिंग प्लेयर अवॉर्ड भविष्य के सितारे की पहचान माना जाता है. अतीत में यह पुरस्कार पाने वाले कई खिलाड़ी आगे चलकर भारतीय क्रिकेट के बड़े नाम बने. इस सूची में अब वैभव सूर्यवंशी का नाम भी शामिल हो गया है. लेकिन वैभव का मामला थोड़ा अलग है.

उन्होंने सिर्फ भविष्य की संभावना नहीं दिखाई. उन्होंने वर्तमान में ही सुपरस्टार जैसी छाप छोड़ दी. उनकी बल्लेबाजी में परिपक्वता, शॉट चयन में आत्मविश्वास और बड़े मौकों पर प्रदर्शन करने की क्षमता ने उन्हें बाकी युवा खिलाड़ियों से अलग खड़ा किया. 

चाहे सामने दुनिया का सबसे अनुभवी तेज गेंदबाज हो या कोई बड़ा स्पिनर, वैभव ने पहली गेंद पर ही छक्का जमाकर सबसे अधिक सुर्खियां बटोरीं. यही आधुनिक क्रिकेट की पहचान है और यही IPL की सफलता का सबसे बड़ा कारण भी है.

Photo Credit: BCCI

IPL का असली मकसद

अक्सर IPL को सिर्फ बड़े पैसों, ग्लैमर और मनोरंजन से जोड़कर देखा जाता है. लेकिन इसकी सबसे बड़ी उपलब्धि कुछ और है. इस लीग ने भारत के छोटे शहरों, कस्बों और गांवों में बैठे लाखों क्रिकेटरों को यह विश्वास दिया है कि उनका सपना भी सच हो सकता है.

कभी जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पांड्या, यशस्वी जायसवाल, रिंकू सिंह और कई अन्य खिलाड़ियों ने इसी मंच से अपनी पहचान बनाई थी. आज वैभव सूर्यवंशी उसी परंपरा की अगली कड़ी बनकर सामने आए हैं.

उनकी कहानी हर उस युवा क्रिकेटर के लिए प्रेरणा है, जो किसी छोटे मैदान पर अभ्यास कर रहा है और बड़े सपने देख रहा है.

Photo Credit: BCCI

ट्रॉफी पर लिखे शब्दों को नई ऊंचाई पर ले गए वैभव

"यत्र प्रतिभा अवसर प्राप्नोति:" सिर्फ एक वाक्य नहीं है. यह IPL की सोच है. हर साल कई खिलाड़ी इस सोच को आगे बढ़ाते हैं, लेकिन कुछ खिलाड़ी ऐसे होते हैं जो इसे नई ऊंचाई पर पहुंचा देते हैं.

IPL 2026 में वैभव सूर्यवंशी ने यही किया. शायद यही कारण है कि IPL 2026 की याद जहां RCB की लगातार दूसरी जीत के लिए की जाएगी वहीं इसे वैभव सूर्यवंशी के उदय के रूप में भी याद रखा जाएगा, जिसने ट्रॉफी पर लिखे संस्कृत मंत्र को मैदान पर उतार दिया. और दुनिया को दिखा दिया कि सचमुच... "यत्र प्रतिभा अवसर प्राप्नोति:". तो जहां प्रतिभा को अवसर मिलता है, वहां इतिहास बनता है.

Featured Video Of The Day
लाइव टीवी डिबेट में सपा नेता राजकुमार भाटी का गजब तर्क- 'अपराधी मजबूरी में गोली चलाते हैं
Topics mentioned in this article