IND vs ZIM: ऑर्डर में डिमोशन, परफॉर्मेंस में प्रमोशन, तिलक वर्मा के लिए 'वरदान' बन गया बदलाव

जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच से पहले तिलक वर्मा बेहद दबाव में थे. बल्ले से रन नहीं आ रहे थे और हर तरफ जमकर आलोचना हो रही थी, वो अलग. हालांकि, गुरुवार को एमए चिदंबरम स्टेडियम में टीम मैनेजमेंट ने तिलक के बैटिंग ऑर्डर में बदलाव किया और यह दांव एकदम सही बैठ गया.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
Tilak Varma

टी20 वर्ल्ड कप 2026 की पांच पारियों में कुल 107 रन... स्ट्राइक रेट पर उठते सवाल... जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच से पहले तिलक वर्मा बेहद दबाव में थे. बल्ले से रन नहीं आ रहे थे और हर तरफ जमकर आलोचना हो रही थी, वो अलग. हालांकि, गुरुवार को एमए चिदंबरम स्टेडियम में टीम मैनेजमेंट ने तिलक के बैटिंग ऑर्डर में बदलाव किया और यह दांव एकदम सही बैठ गया. ऑर्डर में 'डिमोशन' तिलक के लिए परफॉर्मेंस में 'प्रमोशन' के रूप में आया. तिलक ने जिम्बाब्वे के खिलाफ ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 16 गेंदों में 44 रनों की धमाकेदार नाबाद पारी खेली. अपनी इस पारी में तिलक ने 275 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 3 चौके और 4 छक्के लगाए. अब गौर करने वाली बात यह है कि टी20 विश्व कप में इस मैच से पहले नंबर तीन पर खेलते आ रहे तिलक जिम्बाब्वे के खिलाफ नंबर छह पर बल्लेबाजी करने उतरे. इस मैच से पहले नंबर तीन पर खेलते हुए तिलक ने 25, 25, 25, 31 और 1 रन बनाए थे. हालांकि, कप्तान और टीम मैनेजमेंट का यह प्रयोग तिलक के लिए वरदान साबित हुआ.

तिलक ने अंत के ओवरों में हार्दिक पांड्या के साथ मिलकर महज 31 गेंदों में 84 रनों की शानदार साझेदारी भी की, जिसके दम पर भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप का दूसरा और अपना सबसे बड़ा स्कोर खड़ा करने में सफल रही. टीम इंडिया ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 256 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए. तिलक के अलावा हार्दिक पांड्या ने भी 217 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 23 गेंदों में अर्धशतक लगाया.

टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने शानदार शुरुआत दी. इस विश्व कप में अभिषेक शर्मा पहली बार लय में नजर आए और उन्होंने 26 गेंदों में अपना अर्धशतक लगाया. बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 30 गेंदों में 55 रनों की दमदार पारी खेली. अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 4 चौके और चार छक्के लगाए. वहीं, ईशान किशन ने 24 गेंदों में 38 रन बनाए, जबकि कप्तान सूर्यकुमार यादव ने महज 13 गेंदों में 33 रनों का योगदान दिया.

यह भी पढ़ें- World Record: टी20 वर्ल्ड कप में जो आजतक कोई नहीं कर पाया, वो अनोखा कारनामा रोमारियो शेफर्ड ने कर दिखाया

Featured Video Of The Day
Delhi Crime News: दिल्ली के पॉश इलाके में सनसनी! घर की मेड ने करवा दी ED की 'रेड'! Top News
Topics mentioned in this article