Gautam Gambhir in Tension over Batting vs Spin IND vs PAK T20 WC 2026: टी20 वर्ल्ड कप में कल यानी 15 फरवरी को क्रिकेट जगत का सबसे बड़ा मुकाबला होने जा रहा है. कोलंबो के मैदान पर भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी. हालांकि टीम इंडिया अपने पिछले दोनों मैचों में USA और नामीबिया जैसी टीमों को बड़े अंतर से हराकर यहां पहुंची है, लेकिन नामीबिया के खिलाफ मिली जीत ने एक ऐसी कमजोरी उजागर कर दी है जिसने कोच गौतम गंभीर और कप्तान सूर्यकुमार यादव की टेंशन बढ़ा दी है.
स्पिन के जाल में फंसे भारतीय धुरंधर
भले ही भारत ने नामीबिया को 93 रनों से रौंदकर वर्ल्ड कप में लगातार 10वीं जीत का इतिहास रचा हो, लेकिन इस मैच में भारतीय बल्लेबाजों का स्पिन के खिलाफ संघर्ष साफ नजर आया. नामीबिया जैसी टीम के सामने भारत के 5 मुख्य बल्लेबाज स्पिन गेंदबाजी पर आउट हुए. कोलंबो की पिचें पारंपरिक रूप से वैसे स्पिनरों की मददगार होती हैं, ऐसे में स्पिन के खिलाफ यह कमजोरी पाकिस्तान के खिलाफ भारी पड़ सकती है.
पाकिस्तान की 'स्पिन रणनीति' है बड़ी चुनौती
चिंता की बात यह है कि पाकिस्तान इस बार एक अलग रणनीति के साथ खेल रहा है. मौजूदा टूर्नामेंट में पाकिस्तान अपने तेज गेंदबाजों से ज्यादा स्पिनरों पर भरोसा कर रहा है. पिछले मैचों में देखा गया है कि पाकिस्तान की टीम अपने कोटे के 20 ओवरों में से 15 से 16 ओवर स्पिन गेंदबाजी करा रही है. शादाब खान और अबरार अहमद जैसे गेंदबाज बीच के ओवरों में बल्लेबाजों को बांधने में माहिर हैं.
पाक के स्पिन आक्रमण की बात करें तो USA के खिलाफ पाकिस्तान के सईम अयूब ने 1 ओवर, अबरार अहमद ने 4 ओवर, मोहम्मद नवाज ने 3 ओवर, शादाब खान ने 4 ओवर और उस्मान तारिक ने 4 ओवर डाले. टी20 क्रिकेट में यह दूसरा मौका था जब पाकिस्तान ने 16 ओवर स्पिनरों से डलवाए. इससे पहले 2012 में कोलंबो में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 20 में से 18 ओवर स्पिनरों से कराए गए थे. इसके अलावा 2012 में ही दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कोलंबो में 15 ओवर, 2013 में किंग्सटन में वेस्टइंडीज के खिलाफ 15 ओवर, 2021 में मैनचेस्टर में इंग्लैंड के खिलाफ 15 ओवर और 2023 में हांग्झू में अफगानिस्तान के खिलाफ 15 ओवर स्पिन गेंदबाजों से कराए गए थे.
कोच गंभीर और सूर्या को बनानी होगी नई प्लानिंग
कोच गौतम गंभीर अपनी रणनीतियों के लिए जाने जाते हैं. पाकिस्तान के 'स्पिन अटैक' से निपटने के लिए भारतीय टीम को मिडिल ऑर्डर में विशेष ध्यान देना होगा. सूर्यकुमार यादव, जो खुद स्पिन के अच्छे खिलाड़ी माने जाते हैं, उन्हें ईशान किशन और शिवम दुबे के साथ मिलकर स्पिनरों के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाना होगा ताकि पाकिस्तान को हावी होने का मौका न मिले.
हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में भारत का दबदबा
भारत के सामने भले ही स्पिन को लेकर चिंता हो, लेकिन टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत का पलड़ा हमेशा भारी रहा है. अब तक हुए 8 मुकाबलों में से भारत ने 7 जीते हैं. टीम इंडिया की कोशिश होगी कि USA और नामीबिया वाली जीत की लय को बरकरार रखते हुए पाकिस्तान के खिलाफ अपना रिकॉर्ड 8-1 का करें.














