- टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 में कोलंबो में श्रीलंका और न्यूजीलैंड का अहम मुकाबला होगा
- श्रीलंका को इस मैच में जीत दर्ज करनी होगी ताकि वह सेमीफाइनल की रेस में बनी रहे और अंक तालिका में आगे बढ़े
- न्यूजीलैंड की सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावना इस मैच में जीत पर निर्भर है और इंग्लैंड को हराना जरूरी होगा
New Zealan vs Sri Lanka, T20 World Cup 2026: टी20 विश्व कप 2026 में बुधवार को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में श्रीलंका और न्यूजीलैंड के बीच सुपर-8 का बेहद अहम मुकाबला खेला जाएगा. मैच शाम 7 बजे से खेला जाएगा. सुपर-8 में न्यूजीलैंड का पहला मुकाबला पाकिस्तान से था. यह मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया था और कीवी टीम को 1 अंक से संतोष करना पड़ा था. ऐसे में श्रीलंका के खिलाफ जीत दर्ज कर न्यूजीलैंड सेमीफाइनल की राह की संभावना को बनाए रखने की कोशिश करेगी. वहीं, श्रीलंका को सुपर-8 के अपने मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था. सेमीफाइनल की रेस में बने रहने के लिए श्रीलंका के लिए भी इस मैच में जीत दर्ज करना ही एकमात्र विकल्प है. श्रीलंका और न्यूजीलैंड के बीच कड़ी टक्कर होने की संभावना है.
ऐसा है पूरा समीकरण
अगर बुधवार को कोलंबो में श्रीलंका टीम जीत दर्ज करती है तो उसके दो अंक हो जाएंगे. और वह ग्रुप बी में अंक तालिका में दूसरे स्थान पर होगी. जबकि न्यूजीलैंड और पाकिस्तान अंक तालिका में तीसरे और चौथे स्थान पर होंगे. न्यूजीलैंड और पाकिस्तान ऐसे में वर्ल्ड कप से बाहर होने की कगार पर खड़ी होंगी. न्यूजीलैंड और श्रीलंका की सेमीफाइनल की संभावनाएं उनके हाथ में ही है. जबकि पाकिस्तान को अन्य परिणामों पर निर्भर होना पड़ेगा.
1. अगर बुधवार को श्रीलंका ने न्यूजीलैंड को हरा दिया और फिर अपने सुपर-8 के आखिरी मैच में पाकिस्तान को हरा दिया तो वह ग्रुप बी से इंग्लैंड के बाद सेमीफाइनल का टिकट हासिल करने वाली दूसरी टीम होगी.
2. लेकिन अगर आज श्रीलंका को हार मिली तो वह वर्ल्ड कप से बाहर होगी. श्रीलंका का आखिरी मैच पाकिस्तान के साथ है. अगर श्रीलंका ने उस मैच में पाकिस्तान को हरा दिया तो फिर श्रीलंका और पाकिस्तान बाहर होंगे जबकि न्यूजीलैंड क्वालीफाई कर जाएगी. क्योंकि ऐसी सूरत में न्यूजीलैंड के 3 अंक होंगे. न्यूजीलैंड फिर इंग्लैंड के खिलाफ खेले या हारे उसका कोई असर नहीं होगा.
3. न्यूजीलैंड अगर आज जीतती है तो उसके 3 अंक होंगे. इसके बाद उसे अपने आखिरी मैच में इंग्लैंड को हराना होगा. अगर ऐसा हुआ तो न्यूजीलैंड वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई कर जाएगी.
4. अगर न्यूजीलैंड आज हारती है तो फिर उसे उम्मीद करनी होगी कि पाकिस्तान अपने आखिरी मुकाबले में श्रीलंका को हरा दे. इसके अलावा न्यूजीलैंड को इंग्लैंड के खिलाफ हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी. अगर ऐसा हुआ तो न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के 3-3 अंक होंगे और बेहतन रेन रेट के आधार पर न्यूजीलैंड क्वालीफाई कर सकती है.
जानें कैसा है न्यूजीलैंड और श्रीलंका का रिकॉर्ड
श्रीलंका में खेले जा रहे मैचों पर बारिश का असर रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक श्रीलंका-न्यूजीलैंड मैच के दौरान भी आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है. बारिश खलल डाल सकती है. अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रहने का अनुमान है.
आर. प्रेमदासा स्टेडियम की पिच स्पिन गेंदबाजों की मददगार मानी जाती है. मैच की शुरुआत में बल्लेबाजों को रन बनाने में ज्यादा कठिनाई नहीं होती, लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, पिच धीमी हो जाती है, और स्पिनर को हावी होने का मौका मिलता है. इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर 152 रन है. इस मैदान पर सर्वाधिक स्कोर बांग्लादेश का है। बांग्लादेश ने श्रीलंका के खिलाफ ही 2018 में 5 विकेट पर 215 रन बनाए थे.
श्रीलंका और न्यूजीलैंड के बीच टी20 मुकाबले हमेशा रोमांचक रहे हैं. हालांकि, न्यूजीलैंड का पलड़ा भारी रहा है. दोनों टीमों के बीच 28 मुकाबले खेले गए हैं. कीवी टीम को 16 मुकाबलों में जीत मिली है. 11 श्रीलंका ने जीते हैं. 1 मैच में कोई नतीजा नहीं निकला है. टी20 विश्व कप में दोनों टीमें 6 बार आमने-सामने हुई हैं और दोनों ने 3-3 मैचों में जीत हासिल की है.
इस प्लेइंग इलेवन के साथ उतर सकती हैं दोनों टीमें
श्रीलंका की संभावित प्लेइंग इलेवन: पथुम निसांका, कमिल मिशारा, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), पवन रत्नायके, कामिंदु मेंडिस, दासुन शनाका (कप्तान), दुनिथ वेलालागे, दुशान हेमंथा, दुश्मंथा चमीरा, महेश तीक्षाना और दिलशान मदुशंका.
न्यूजीलैंड की संभावित प्लेइंग इलेवन: टिम साइफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, रचिन रविंद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), जेम्स नीशम, मैट हेनरी, इश सोढ़ी और लॉकी फर्ग्यूसन.
यह भी पढ़ें: IND vs ZIM, T20 World Cup: पिता को कैंसर, रिंकू सिंह लौटे घर, मैनेजमेंट के सामने 'गंभीर' सवाल, कौन लेगा उनकी जगह?














