Vaibhav Suryavanshi vs CSK: राजस्थान रॉयल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग 2026 की शुरुआत शानदार जीत के साथ की. टीम ने सोमवार को चेन्नई सुपर किंग्स को 8 विकेट से हराकर अपना पहला मैच जीत लिया. इस मुकाबले के बाद कप्तान रियान पराग ने टीम के प्रदर्शन पर संतोष जताया और युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ की. पराग ने कहा कि टॉस उनके पक्ष में गया और परिस्थितियों का टीम ने सही फायदा उठाया. उन्होंने बताया कि बारिश और लाल मिट्टी की पिच के बावजूद गेंदबाजों ने अपनी रणनीति पर अच्छा काम किया. कप्तान के मुताबिक, टीम ने टूर्नामेंट से पहले काफी तैयारी की है और उनका मुख्य लक्ष्य ट्रॉफी जीतना है. उन्होंने यह भी कहा कि टीम स्मार्ट क्रिकेट खेलने और हालात के हिसाब से खुद को ढालने पर ध्यान दे रही है.
मैच में वैभव सूर्यवंशी ने बेहद आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 17 गेंदों में 52 रन बनाए, जिसमें 5 छक्के और 7 चौके शामिल थे. खास बात यह रही कि उन्होंने केवल 15 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया. यशस्वी जायसवाल के साथ उनकी 75 रनों की साझेदारी ने टीम की जीत की नींव रखी.
रियान पराग ने सूर्यवंशी को लेकर कहा कि उन्हें बिना दबाव के पूरे सीजन खेलने देना चाहिए. उन्होंने कोचिंग स्टाफ से भी अपील की कि युवा खिलाड़ी को खुलकर खेलने का मौका दिया जाए, क्योंकि नेट्स में उनका प्रदर्शन पहले से ही प्रभावित करने वाला रहा है.
वहीं, हार के बाद ऋतुराज गायकवाड़ ने स्वीकार किया कि शुरुआत में टीम को मुश्किल हालात का सामना करना पड़ा. उन्होंने खास तौर पर जोफ्रा आर्चर की गेंदबाजी का जिक्र किया, जिसके खिलाफ बल्लेबाजी करना चुनौतीपूर्ण रहा. गायकवाड़ ने कहा कि टीम को शायद बल्लेबाजी में और गहराई लानी चाहिए थी, लेकिन आज के खेल में सही स्कोर का अनुमान लगाना आसान नहीं होता.
उन्होंने आगे कहा कि टीम को पिछले मैच को भूलकर आगे बढ़ना होगा, क्योंकि अगला मुकाबला जल्द ही आने वाला है. साथ ही उन्होंने युवा खिलाड़ियों को आत्मविश्वास बनाए रखने और मौके मिलने पर आक्रामक खेलने की सलाह दी.














