आयरलैंड के खिलाफ जब भारतीय स्क्वाड का ऐलान किया गया था तो उसमें वैभव सूर्यवंशी का नाम शामिल रहा. फैंस को लगा कि 15 साल का यह बाएं हाथ का बल्लेबाज का डेब्यू अब अधिक दूर है नहीं. लेकिन टीम मैनेजमेंट ने युवा सनसनी को लेकर कोई जल्दबाजी नहीं दिखाने और वर्ल्ड चैंपियन खिलाड़ियों पर भरोसा बरकरार रखने का फैसला लिया. हालांकि, आयरलैंड के खिलाफ टीम इंडिया टी20 सीरीज 0-2 से हार गई, जिसके बाद कई दिग्गजों ने वैभव को मौका नहीं देने को लेकर सवाल उठाए. लेकिन अब अश्विन ने बताया है आयरलैंड में डेब्यू ना होना कैसे बेबी बॉस के लिए फायदेमंद रहा.
पूर्व दिग्गज स्पिनर अश्विन ने कहा कि अगर वैभव डेब्यू करते और बैटिंग पिच पर फ्लॉप होते तो कहानी एकदम अलग हो सकती थी. उन्होंने आगे कहा कि सूर्यवंशी को अपने साथियों की गलतियों को करीब से देखने से ही फायदा हो रहा है. अश्विन ने अपने यू-ट्यूब चैनल पर कहा, "मान लीजिए वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड के खिलाफ डेब्यू करने का मौका मिला, लेकिन वह इन दो मैचों में खेले और फेल हो गए, तो क्या यह (नैरेटिव) उलट जाएगा? सच कहूं तो, सब कुछ उलट जाएगा. हर कोई कहेगा, 'वैभव सूर्यवंशी IPL में हिट कर सकते हैं, लेकिन वह सीमिंग, स्पोर्टिंग कंडीशन में नहीं खेल सकते'."
अश्विन ने कहा कि जब कोई सीमिंग कंडीशन में अग्रेसिव क्रिकेट खेलने की कोशिश करता है तो फेल होने का चांस बढ़ जाते हैं. अश्विन ने कहा,"ऐसे हालात में - चाहे वैभव हो, अभिषेक हो या संजू - अगर आप एक ही टी20 पैटर्न में खेलते हैं, तो आउट होने के चांस रहेंगे. इसीलिए मैंने कहा कि टीम के माहौल में बाहर बैठना कोई बुरा अनुभव नहीं है. आप किसी और के अनुभव से सीख रहे हैं."
अश्विन ने बताया कि 15 साल के सूर्यवंशी का बाहर बैठना कोई बुरी बात नहीं है. उन्होंने कहा,"आप किसी से भी पूछ सकते हैं. सबसे ज़्यादा मुफ़्त और सबसे कीमती सबक तब सीखे जा सकते हैं जब आप पास बैठकर अच्छा प्रदर्शन करने वाले लोगों की गलतियां देखते हैं. आपको इससे बेहतर प्लेटफ़ॉर्म नहीं मिलेगा."
सूर्यवंशी इंग्लैंड के खिलाफ़ आने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज़ के लिए भारत की टीम में भी शामिल हैं. सीरीज़ बुधवार, 1 जुलाई से शुरू होगी. यह देखना दिलचस्प होगा कि 15 साल के इस खिलाड़ी को सीरीज़ में भारत के लिए डेब्यू करने का मौका मिलता है या नहीं.
यह भी पढ़ें: फीफा वर्ल्ड कप: फ्रांस ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, स्वीडन को 3-0 रौंदा, ऐसा करने वाली पहली टीम