Who is Priyansh Arya? प्रियांश आर्य ने न्यू चंढीगढ़ में धमाका कर कर दिया है. उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ महज 37 गेंदों में 93 रन बनाते हुए हर किसी को अपना दीवाना बना दिया है. मजेदार बात जो है, वह यह है कि यह उम्दा पारी उन्होंने 150 या 200 की स्ट्राइक रेट से नहीं बल्कि 251.35 की स्ट्राइक रेट से खेली है. क्रिकेट प्रेमियों को उनके बल्ले से इस दौरान चार चौके और नौ खूबसूरत छक्के देखने को मिले. 24 वर्षीय बल्लेबाज को मनीमारन सिद्धार्थ ने अपने जाल में फंसाया. जिनका शानदार कैच सीमारेखा के पास मिचेल मार्श ने पकड़ा.
कौन हैं प्रियांश आर्य?
लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेली गई इस धमाकेदार पारी के बाद हर कोई प्रियांश आर्य के बारे में बात कर रहा है. अगर आप भी युवा स्टार के बारे में जानना चाहते हैं तो उनसे जड़ी कुछ रोचक बातें आप तक लेकर हम आए हैं. प्रियांश आर्य का जन्म 18 सितंबर साल 2001 में हुआ था. वह बायें हाथ से बल्लेबाजी और दाहिने से हाथ ऑफब्रेक गेंदबाजी करते हैं. आईपीएल में जहां वह पंजाब किंग्स की टीम का हिस्सा हैं. वहीं घरेलू क्रिकेट में दिल्ली की तरफ से शिरकत करते हैं.
गांगुली और गेल को मानते हैं अपना आदर्श
प्रियांश आर्य के पिता का नाम पवन कुमार है. एक बार खास बातचीत के दौरान उन्होंने बताया था कि एक रोज मैं अपने बेटे (प्रियांश) के साथ टीवी पर मैच देख रहा था. सौरव गांगुली और क्रिस गेल को बल्लेबाजी करते देख उसने (प्रियांश आर्य) कहा कि वह उनके जैसा क्रिकेटर बनना चाहता है. उन्हीं से प्रेरित होकर उसने लेफ्टी बैटिंग शुरू की. गेल उस दौरान अपने चरम पर थे. वह बहुत आक्रामक क्रिकेट खेलते थे. गौतम गंभीर भी प्रियांश के आदर्श हैं.
मां और पिता दोनों हैं स्कूल टीचर
आपको जानकर हैरानी होगी कि प्रियांश के पिता भी अपने जमाने में खूब क्रिकेट खेला करते थे. मगर यहां कुछ खास सफलता नहीं मिलने के बाद वह स्कूल टीचर बन गए. फिलहाल वह और उनकी पत्नी दोनों दिल्ली में पढ़ाते हैं. उनकी बड़ी बहन भी एमए बीएड हैं. प्रियांश के परियार में कुल छह सदस्य टीचर हैं.
प्रियांश आर्य का आईपीएल करियर
आईपीएल 2025 की मेगा निलामी में पंजाब किंग्स की टीम ने प्रियांश को 3.8 करोड़ रुपये की कीमत में खरीदा था. तब से अबतक वह टीम के साथ बने हुए हैं. खबर लिखे जाने तक उन्होंने यहां कुल 22 मैच खेले हैं. इस बीच उनके बल्ले से 22 पारियों में 28.24 की औसत से 686 रन निकले हैं. आईपीएल में प्रियांश के नाम एक शतक और चार अर्धशतक दर्ज है.
यह भी पढ़ें- 'आप बल्लेबाजी के दौरान गुस्से में थे?', तनाव से लेकर जीवनदान तक, रिंकू ने बताया क्यों दिमाग नहीं कर रहा था काम














