तीन दिनों बाद शुरू होने वाले आईपीएल के लिए सभी टीमें अपनी तैयारियों को अंजाम दे रही हैं. दिल्ली कैपिटल्स की टीम हर रोज अरुण जेटली स्टेडियम में जमकर तैयारी तो कर रही है, लेकिन फिलहाल ये टीम तनाव या दबाव में नहीं दिख रही है. दिल्ली टीम को अब भी खिताब का इंतजार है. पिछले सीजन 2025 में भी शुरुआती चार मैचों में जीत हासिल कर राजधानी की टीम प्ले-ऑफ में जगह नहीं बना सकी. कप्तान अक्षर पटेल की टीम में इस बार पृथ्वी शॉ को एंट्री मिली है और दिल्ली को उनसे जितनी उम्मीदें हैं उससे ज़्यादा पृथ्वी शॉ खुद के लिए आत्मविश्वास से भरे नजर आ रहे हैं. पृथ्वी शॉ पिछला सीजन नहीं खेल पाये थे, लेकिन इस बार दिल्ली ने उन्हें 75 लाख रुपये में खरीद कर उन्हें एक नया जीवनदान-सा दिया है.
पृथ्वी शॉ की एंट्री से बढ़ा दिल्ली का दम
पिछले सीजन 14 मैचों में से सात जीत और छह हार के साथ दिल्ली की टीम पांचवें नंबर पर रही. इस बार टीम में एक नये स्टार को जगह मिली है जो अपने करियर में इसे फ़्रेश स्टार्ट की तरह देख रहा है. यही नहीं मुंबई के 2018 में अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाले चैंपियन कप्तान पृथ्वी शॉ इसके जरिये फिर से टीम इंडिया में वापसी की राह देख रहे हैं और इसे कहने में वो परहेज भी नहीं कर रहे. पृथ्वी शॉ कहते हैं, 'मैं मैदान पर जब आता हूं तो तैयारी के वक्त भी सोचता हूं कि मैं अपना 100% दे सकता हूं या नहीं. अगर 100 फीसदी नहीं दे सकता तो मैदान पर आने का कोई मतलब नहीं.'
‘सगाई ही है मेरी खास तैयारी'
पृथ्वी शॉ ने इसी महीने अपनी गर्लफ़्रेंड एक्टर और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर आकृति अग्रवाल से सगाई कर ली है. उनके बारे में पूछे जाने पर वो कहते हैं, 'मुझसे ये सवाल पहली बार पूछा गया है. इसलिए मैं बोलने में लड़खड़ा रहा हूं. लेकिन मुझे लगता है सही वक्त पर मैंने सही फैसला लिया है. उनके आने से जिन्दगी में ठहराव तो जरूर आया है.'
अपनी तैयारी को लेकर वो मजाकिया अंदाज में कहते हैं, 'मैंने (इसी महीने) सगाई कर ली है, यही मेरी खास तैयारी है.' लेकिन वो ये भी कहते हैं कि उन्होंने मैदान पर काफी पसीना बहाया है और वो फिर से टीम इंडिया की जर्सी पहनना चाहते हैं जिसके लिए वो काफी मेहनत कर रहे हैं.
पृथ्वी को ओपनिंग में मिलेगा मौका?
दिल्ली की टीम में केएल राहुल का ओपनिंग करना तय माना जा रहा है. केएल राहुल के साथ श्रीलंका के पथुन निस्सांका दिल्ली के दूसरे ओपनर हो सकते हैं. अपनी ओपनिंग पोजिशन को लेकर पृथ्वी शॉ कहते हैं, 'मैं ये नहीं कह सकता कि मुझे ओपनिंग मिलनी चाहिए. अगर राहुल भाई ओपनिंग कर रहे हैं या जिन्हें भी ओपनिंग का मौका मिलता है, मैं चाहूंगा कि वो टीम के लिए अच्छा करें. मेरे लिए टीम पहले है बाद में कोई भी निजी प्रदर्शन.'
पहले फेज में दिल्ली कैपिटल्स के मैच
दिल्ली कैपिटल्स IPL 2026 में अपना पहला मैच लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ लखनऊ में खेली खेलेगी.
1 अप्रैल 2026- दिल्ली VS लखनऊ - लखनऊ
4 अप्रैल 2026- दिल्ली VS मुंबई - दिल्ली
8 अप्रैल 2026- दिल्ली VS गुजरात - दिल्ली
11 अप्रैल 2026- दिल्ली VS चेन्नई - चेन्नई
दिल्ली की टीम:
केएल राहुल, करुण नायर, डेविड मिलर, बेन डकेट, पथुम निसांका, साहिल पारख, पृथ्वी शॉ, अभिषेक पोरेल, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल, समीर रिजवी, आशुतोष शर्मा, विप्रज निगम, अजय मंडल, त्रिपुराना विजय, माधव तिवारी, आक़िब डार, नितीश राणा, मिशेल स्टार्क, टी. नटराजन, मुकेश कुमार, दुष्मंथा चमीरा, लुंगिसानी एनगिडी, काइल जैमीसन और कुलदीप यादव.
यह भी पढ़ें- SRH vs RCB Head To Head Record: किसका पलड़ा है भारी? मैच से पहले जानें दोनों टीमों का हेड टू हेड रिकॉर्ड














