IPL 2026: 'इस तरह की बातें नहीं कहनी चाहिए', रहाणे के बर्ताव पर वीरेंद्र सहवाग का बड़ा बयान

Virender Sehwag on Ajinkya Rahane; IPL 2026: सहवाग ने रहाणे को इस तरह की जुबानी जंग में न उलझने की सलाह दी. उन्होंने कहा, "रहाणे आलोचनाओं का जवाब दे रहे थे, लेकिन अमिताभ बच्चन तक ने कभी आलोचना का जवाब नहीं दिया है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
Virender Sehwag on Ajinkya Rahane; IPL 2026:

Virender Sehwag on Ajinkya Rahane; IPL 2026: कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) का आईपीएल 2026 में प्रदर्शन अब तक निराशाजनक रहा है, और कप्तान अजिंक्य रहाणे भी पहले तीन मैचों में संघर्ष करते दिखे हैं. हाल ही में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनके स्ट्राइक रेट को लेकर पूछे गए सवाल पर रहाणे नाराज हो गए थे. रहाणे के बर्ताव पर भारत के पूर्व बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग का कहना है कि खिलाड़ियों को इस तरह की बातें नहीं कहनी चाहिए. सहवाग ने 'क्रिकबज' के साथ बात करते हुए कहा कि रहाणे को इस तरह की आलोचना का जवाब बल्ले और अच्छे प्रदर्शन से देना चाहिए.

उन्होंने कहा, "मुझे नहीं लगता है कि खिलाड़ियों को इस तरह की बातें कहनी चाहिए. मुझे पता है कि रहाणे कप्तान हैं और उनसे कैमरून ग्रीन के गेंदबाजी न करने का कारण भी पूछा गया था. रहाणे के पास कोई सीधा जवाब नहीं था, तो उन्होंने कह दिया था क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से पूछिए. मैं यह समझ सकता हूं. हालांकि, अगर कोई मेरे स्ट्राइक रेट या बल्लेबाजी शैली को लेकर सवाल खड़े करे, तो यह लोगों का काम है - तारीफ और आलोचना करना. आपको इस स्थिति में सामान्य रहना है, चाहे फिर आपकी तारीफ हो या फिर आलोचना."

सहवाग ने रहाणे को इस तरह की जुबानी जंग में न उलझने की सलाह दी. उन्होंने कहा, "रहाणे आलोचनाओं का जवाब दे रहे थे, लेकिन अमिताभ बच्चन तक ने कभी आलोचना का जवाब नहीं दिया है. सचिन तेंदुलकर से बड़ा उदाहरण क्या ही होगा, एक अखबार ने उनके लिए 'एंडुलकर' लिखा था." 

सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मिली हार के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में रहाणे से उनके स्ट्राइक रेट को लेकर सवाल पूछा गया था. इसके जवाब में उन्होंने कहा था, "मेरा स्ट्राइक रेट 2023 से अच्छा रहा है. जो लोग इसके बारे में बात कर रहे हैं, शायद उन्होंने मैच नहीं देखा या उनका मेरे खिलाफ कोई मकसद है. उन्हें मुझे खेलते हुए देखना नहीं है.” इस सीजन अब तक उन्होंने तीन मैचों में 148 के स्ट्राइक रेट से 83 रन बनाए हैं.

Advertisement
Featured Video Of The Day
Bengal Elections 2026: Bhowanipore में लोगों को परिवर्तन चाहिए या विकास? | Baba Ka Dhaba