- पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप के ग्रुप लीग मुकाबले में हिस्सा नहीं लेने का औपचारिक निर्णय लिया है.
- पाकिस्तान सरकार ने सात फरवरी से शुरू होने वाले बाकी मैचों में राष्ट्रीय टीम की भागीदारी को मंजूरी दी है.
- पाकिस्तान की बांग्लादेश के प्रति एकजुटता का राजनीतिक विरोध माना जा रहा है.
Pakistan Will Boycott India Match, T20 World Cup: पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ आईसीसी टी20 विश्व कप के अपने बहुप्रतीक्षित ग्रुप लीग मुकाबले के बहिष्कार के फैसले की रविवार को औपचारिक घोषणा कर दी लेकिन सरकार ने सात फरवरी से शुरू हो रहे टूर्नामेंट के बाकी मैचों में राष्ट्रीय टीम की भागीदारी को मंजूरी दे दी है. यह एक ऐसा कदम, जिसके दूरगामी असर पड़ने की संभावना है.
सरकार के एक आधिकारिक बयान के माध्यम से दिए गए इस फैसलो को बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर किए जाने से जुड़ा एक राजनीतिक विरोध माना जा रहा है. विश्व निकाय ने सुरक्षा कारणों से बांग्लादेश के भारत से श्रीलंका में मैच स्थानांतरित करने के अनुरोध को अस्वीकार कर दिया था. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने पहले कहा था कि वह इस फैसले के बाद टूर्नामेंट में अपनी भागीदारी की समीक्षा करेगा, क्योंकि वह बांग्लादेश के साथ एकजुटता दिखा रहा है.
पाकिस्तान सरकार ने सोशल मीडिया अकाउंट पर जारी बयान में कहा कि उसने पाकिस्तान क्रिकेट टीम को टूर्नामेंट में हिस्सा लेने की अनुमति दे दी है, लेकिन टीम 15 फरवरी को कोलंबो में भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबले में 'मैदान पर नहीं उतरेगी'.
सरकार ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा,"पाकिस्तान की सरकार आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम की भागीदारी को मंजूरी देती है, हालांकि पाकिस्तान क्रिकेट टीम 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ निर्धारित मैच में मैदान पर नहीं उतरेगी."
पाकिस्तान ग्रुप A में भारत, नामीबिया, नीदरलैंड्स और USA के साथ है, और अपने सभी मैच श्रीलंका में खेल रहा है. पाकिस्तान अपना पहला मैच 7 फरवरी को T20 वर्ल्ड कप के पहले दिन नीदरलैंड्स के खिलाफ खेलेंगे, और फिर 10 फरवरी को USA और 18 फरवरी को नामीबिया से भिड़ेंगे. अगर पाकिस्तान भारत के खिलाफ मैच का बॉयकॉट करता है, तो उसे उस मैच के दो पॉइंट्स नहीं मिलेंगे.
ICC की प्लेइंग कंडीशंस के मुताबिक, पाकिस्तान के नेट रन रेट पर इस बॉयकॉट का असर पड़ेगा. लेकिन भारत के नेट रन रेट पर कोई असर नहीं होगा. आईसीसी की खेल शर्तों के अनुसार, बहिष्कार की स्थिति में पाकिस्तान का नेट रन रेट भी प्रभावित होगा. क्लॉज 16.10.7 के तहत, बहिष्कार होने पर डिफॉल्ट करने वाली टीम की पारी के पूरे 20 ओवर उस मुकाबले में माने जाएंगे और इन्हें प्रतियोगिता के संबंधित चरण में टीम के औसत रन प्रति ओवर की गणना में शामिल किया जाएगा.
यह भी पढ़ें: Carlos Alcaraz: अल्काराज़ ने रचा इतिहास, जोकोविच को हराकर जीता ऑस्ट्रेलयन ओपन, पूरा किया करियर ग्रैंड स्लैड
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान को लात मार कर टूर्नामेंट से बाहर निकाल देना चाहिए: पूर्व क्रिकेटर अतुल वासन














