KKR Team IPL 2026 Playoff Scenario: आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की हार का सिलसिला जारी है. शुक्रवार को नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में केकेआर को गुजरात टाइटंस (जीटी) के खिलाफ 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा. सीजन के छठे मैच में केकेआर की यह पांचवीं हार थी. केकेआर को एकमात्र अंक पंजाब किंग्स के खिलाफ बारिश से रद्द हुए मैच की वजह से मिला था. केकेआर को अभी भी सीजन की पहली जीत का इंतजार है. IPL 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की स्थिति अब बेहद चुनौतीपूर्ण हो गई है. वो पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे यानी 10वें स्थान पर हैं. यहां से प्लेऑफ में पहुंचने के लिए KKR का समीकरण कुछ इस प्रकार है.
प्लेऑफ में पहुंचने के लिए KKR का समीकरण
KKR को अब यहां से लगभग चमत्कारिक वापसी करनी होगी. प्लेऑफ की सुरक्षित जगह पक्की करने के लिए आमतौर पर 16 अंक (8 जीत) की जरूरत होती है. KKR के अब लीग चरण में 8 मुकाबले बाकी हैं. अगर वे ये सभी मैच जीत लेते हैं, तो उनके 17 अंक हो जाएंगे, जो उन्हें सीधे टॉप 4 में पहुंचाने के लिए पर्याप्त होंगे. अगर टीम 7 मैच जीतती है, तो उनके पास 15 अंक होंगे. इस स्थिति में वे प्लेऑफ की दौड़ में तो रहेंगे, लेकिन उनका क्वालीफाई करना नेट रन रेट (NRR) और अन्य टीमों के परिणामों पर निर्भर करेगा.
फिलहाल KKR का NRR (-1.149) काफी खराब है, जिसे सुधारना उनके लिए बड़ी चुनौती होगी. अब एक भी हार का मतलब 6 या उससे कम जीत (13 या उससे कम अंक) मिलने पर KKR आधिकारिक तौर पर प्लेऑफ की रेस से बाहर हो जाएगी.
KKR के अगले 5 महत्वपूर्ण मुकाबले
KKR को अपनी वापसी की शुरुआत कल (19 अप्रैल) ईडन गार्डेंस में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ जीत के साथ करनी होगी.
मैच नंबर विपक्षी टीम तारीख स्थान
28 राजस्थान रॉयल्स 19 अप्रैल ईडन गार्डेंस, कोलकाता
38 लखनऊ सुपर जायंट्स 26 अप्रैल लखनऊ
45 सनराइजर्स हैदराबाद 03 मई हैदराबाद
51 दिल्ली कैपिटल्स 08 मई दिल्ली
57 रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 13 मई रायपुर
अजिंक्य रहाणे की कप्तानी वाली कोलकाता टीम के लिए रास्ता मुश्किल है, क्योंकि उन्हें न केवल लगातार जीत चाहिए, बल्कि अपने बल्लेबाजी और डेथ बॉलिंग की समस्याओं को भी तुरंत सुलझाना होगा.














