आईपीएल के 19वें सीजन के इतिहास में ये पहला मौका है जब सभी 10 टीमों की कप्तानी की जिम्मेदारी भारतीय कंधों पर हैं. कमाल की बात है कि इनमें से सात कप्तानों को तो मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने का मौका ही नहीं मिल पाया और इनमें से सिर्फ तीन दिग्गज कप्तानों को ही आईपीएल की ट्रॉफी उठाने का गौरव हासिल है. IPL 2026 इन सबकी कप्तानी का बड़ा इम्तिहान है. ये चुनौती किसी के लिए भी आसान नहीं होने वाली. आईपीएल के बेहद तनाव वाले हाई इंटेनसिटी मुकाबले इन सभी शख़्सियतों के चरित्र का असली इम्तिहान साबित होंगे. इनमें कौन-सा कप्तान किस स्टील का बना है, इसकी बड़ी परीक्षा कल यानी 28 मार्च से शुरू होने वाली है.
हार्दिक पंड्या- 2022 में चैंपियन गुजरात के कप्तान
हार्दिक पंड्या भारतीय क्रिकेट टीम का चलता-फिरता बॉलीवुड फिल्म हैं. उनकी निजी जिन्दगी से लेकर क्रिकेट के मैदान में साइन कर्व (Sine Curve) की तरह उतार-चढ़ाव शायद ही किसी और खिलाड़ी ने देखा हो- बिल्कुल मनमोहन देसाई की फिल्म की तरह.
हार्दिक पंड्या 2015 से 2021 तक मुंबई टीम की ओर से खेले. 2022 में गुजरात टाइटंस टीम के कप्तान बने और उसे चैंपियन बना दिया. 2023 में भी गुजरात को फाइनल तक का सफर करवाया.
2024 में मुंबई टीम में बतौर कप्तान उनकी वापसी हुई और बड़े विवाद हुए. मुंबई की टीम ने 2024 में 14 में से सिर्फ चार मैच जीते. पंड्या की निजी जिन्दगी में भी तूफान आ गया. लेकिन फिर कैरिबायाई टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया की जीत में हार्दिक ने बेहद अहम रोल निभाया.
2025 मुंबई की टीम आईपीएल में चौथे नंबर पर रही. पंड्या ने 2026 में दुबारा टीम इंडिया को टी20 वर्ल्ड चैंपियन बनवाने में अहम रोल निभाया. उनकी जिन्दगी एकबार फिर माहिका शर्मा की एंट्री से गुलजार हो गई है. एक बार फिर पंड्या से मुंबई इंडियंस के फैन्स बड़ी उम्मीद करने लगे हैं.
रजत पाटीदार- मौजूदा आईपीएल चैंपियन कप्तान
रजत पाटीदार की शख़्सियत बेशक दिग्गज विराट कोहली के साये में आ गई हो. लेकिन जब भी ये याद किया जाएगा कि बैंगलोर को अपनी पहली आईपीएल ट्रॉफ़ी उठाने में 18 साल का वक्त लगा, तब ये भी याद ज़रूर किया जाएगा कि उस टीम के कप्तान रजत पाटीदार रहे.
लखनऊ के खिलाफ 2022 के एलिमिनेटर में 54 गेंदों पर नाबाद 112 रन बनाने वाले रजत पाटीदार बैंगलोर टीम के रन मशीन रहे हैं. बैंगलोर ने उन्हें 2021 में खरीदा. पहले सीजन को छोड़कर रजत पाटीदार ने पिछले तीनों ही सीजन में 140 से ज़्यादा के स्ट्राइक रेट से बैटिंग की और हर बार 300 से ज्यादा रन जोड़े. मध्य प्रदेश में इंदौर के 32 साल के रजत पाटीदार ने IPL के 42 मैचों में 155 के स्ट्राइक रेट से एक शतक और 9 अर्द्धशतकों के सहारे 1111 रन जोड़े हैं.
श्रेयस अय्यर -2024 में चैंपियन कोलकाता के कप्तान
श्रेयस अय्यर की अगुआई में कोलकाता ने 2024 में तीसरी बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया, 2025 में भी श्रेयस अय्यर ने शानदार कप्तानी की और अपनी बैटिंग से भी रंग जमा दिया. इससे पहले श्रेयस दिल्ली को भी पहली बार 2019 में प्लेऑफ़ तक का सफर करवाने में कामयाब रहे और 2020 में दिल्ली को फाइनल तक पहुंचाने में अहम रोल अदा किया. 2024 में कोलकाता को चैंपियन बनवाया और इस तरह दो अलग-अलग टीमों को फाइनल में पहुंचाने वाले पहले कप्तान बन गए.
2025 में श्रेयस ने पंजाब को फाइनल में पहुंचाने का कारनामा करते हुए अपने ही कप्तानी के रिकॉर्ड को और बेहतर कर लिया. श्रेयस ने आईपीएल के 133 मैचों में 134 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 3700 से ज्यादा रन बटोरे हैं जिनमें उनकी 27 अर्द्धशतकीय पारियां हैं. श्रेयस परफेक्ट टीम मैन हैं. शायद सबसे ज्यादा अंडररेटेड टी20 के कप्तान जिन्हें उनका श्रेय अबतक नहीं मिल पाया है.
शुभमन गिल- 2024 में गुजरात को प्लेऑफ़ तक का सफर
बतौर खिलाड़ी शुभमन गिल को एक ही साल में जितनी तारीफ और आलोचना का सामना करना पड़ा वो बेहद हैरान करने वाला है. टेस्ट क्रिकेट में इंग्लैंड में अपनी पारी और कप्तानी से धूम मचाने वाले शुभमन गिल को फ्यूचर के तीनों फॉर्मेट का कप्तान माना जा रहा था. लेकिन पिछले ही साल टी20 वर्ल्ड कप टीम में उन्हें उपकप्तान रहते हुए टीम से बाहर कर दिया गया.
गिल ने तीन लगातार आईपीएल का फाइनल तो खेला, लेकिन बतौर कप्तान अपनी टीम को खिताब जितवाने की चुनौती बरकरार है. 2024 में कप्तान गिल की टीम 8वें नंबर पर रही तो 2025 में प्लेऑफ तक का सफर कर पाई.
अजिंक्य रहाणे- 2025 में कोलकाता 8वें नंबर पर
टीम इंडिया के कामयाब कप्तान (ऑस्ट्रेलिया में स्टैंड-इन कप्तान) रहे अजिंक्य रहाणे अलग-अलग टीमों के लिए एक बेहतर कप्तान साबित होते रहे हैं. लेकिन अजिंक्य रहाणे के लिए भी आईपीएल का खिताब जीतना एक चुनौती बनी हुई है. 2025 में उनकी अगुआई में कोलकाता टीम 8वें नंबर पर रही. इससे पहले वो राजस्थान रॉयल्स और पुणे सुपर जायन्ट्स की भी कप्तानी कर चुके हैं.
चेन्नई के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़
टीम इंडिया को एशियाड 2022 में कप्तानी के जरिये गोल्ड मेडल जितवाने वाले ऋतुराज गायकवाड़ के लिए चेन्नई के थाला- एमएस धोनी का विकल्प बनना बड़ी चुनौती बना हुआ है. महाराष्ट्र की टीम और रेस्ट ऑफ इंडिया के कप्तान गायकवाड़ ने बतौर खिलाड़ी आईपीएल में चेन्नई के लिए 2021 और 2023 का खिताब जीता है. क्या कप्तान गायकवाड़ कप्तान धोनी की जीत का सिलसिला कायम रख पाएंगे?
अक्षर पटेल – दिल्ली के कप्तान
डबल वर्ल्ड चैंपियन ऑलराउंडर और टीम इंडिया के उपकप्तान अक्षर पटेल की उनकी टीम के खिलाड़ी बतौर कप्तान बेहद तारीफ करते हैं. उनकी अगुआई में दिल्ली की टीम पिछले साल पांचवें नंबर पर रही. टीम के ‘बापू' अक्षर के लिए आईपीएल का खिताब जीतना बड़ी चुनौती है. लेकिन वो भी कैप्टन कूल की तरह आंके जाते हैं और बतौर ऑलराउंडर कई मुकाबलों में मैचविनर साबित हुए हैं.
ऋषभ पंत- लखनऊ के कप्तान
आईपीएल के इतिहास में सबसे महंगे 27 करोड़ में बिकने वाले ऋषभ पंत की टीम पिछली दफा जूझती रही. 2025 में कप्तान पंत की टीम 14 में से 6 मैच जीतकर 7वें नंबर पर रही. पंत के कुछ गलत शॉट सेलेक्शन ने ना सिर्फ उनकी टीम का मुश्किलों में डाला बल्कि उन्हें इस बार वर्ल्ड कप की टीम से भी हाथ धोना पड़ा. एकबार फिर टैलेंटेड पंत पर सबकी नजरें टिकी रहेंगी.
राजस्थान - रियान पराग
टीम इंडिया के रंगीले राजकुमार असम के रियान पराग को राजस्थान टीम की बड़ी जिम्मेदारी मिली है. राजस्थान टीम को अमेरिकी बिजनेसमैन ग्रुप सोमानि कंसोर्टियम ने 15,000 से ज्यादा रकम देकर खरीदा है. इस बार फैन्स की इस टीम और टीम के ऑलराउंडर कप्तान पर खास नजरें रहेंगी.
हैदराबाद- ईशान किशन- देखन में छोटे लगे
हार्दिक पंड्या की तरह ही उनके दोस्त ईशान किशन का करियर किसी बॉलीवुड थ्रिलर से कम नहीं रहा है. लगातार करीब दो साल टीम इंडिया से बाहर रहने के बाद डोमेस्टिक क्रिकेट में झारखंड की कप्तानी और शानदार प्रदर्शन ने उन्हें वर्ल्ड कप टीम में पहुंचा दिया. फिर ईशान किशन को वर्ल्ड कप की ट्रॉफी हासिल करने का सौभाग्य भी हासिल हुआ. ईशान थोड़े वक्त के लिए हैदराबाद टीम के कप्तान बने हैं. लेकिन क्रिकेट में थोड़े वक्त और मौके कब बड़े बन जाते हैं, कोई नहीं जानता..
टीम-कप्तान
1. मुंबई- हार्दिक पंड्या
2. पंजाब- श्रेयस अय्यर
3. बैंगलोर - रजत पाटीदार
4. गुजरात- शुभमन गिल
5. कोलकाता- अजिंक्य रहाणे
6. चेन्नई - ऋतुराज गायकवाड़
7. दिल्ली - अक्षर पटेल
8. लखनऊ- ऋषभ पंत
9. राजस्थान - रियान पराग
10. हैदराबाद- ईशान किशन
यह भी पढ़ें- इसलिए बनी रहेगी पंत की कप्तानी, टीम के मालिक ने कर दिया एलान, पंत किस कुर्सी पर बैठकर कर रहे हैं बैटिंग?














