इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) में अभी तक सभी टीमों ने अपने हिस्से के करीब 2-3 मैच खेल लिए है. कई बातों को लेकर चर्चा है, लेकिन सबसे ऊपर चर्चा का विषय बना हुआ है पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की टीम चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन. शुरुआती तीन मैचों में सुपर किंग्स टांय-टांय फिस्स साबित हुई है. और खेल और खिलाड़ियों के प्रदर्शन के अलग-अलग पहलुओं को लेकर जो तस्वीर सामने आई है, वह बहुत ही निराशाजनक है. गेंदबाजी आक्रमण की अनुभवहीनता और शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों की सामूहिक नाकामी ने सीएसके को भारी नुकसान पहुंचाया है. बहरहाल, अब पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने टीम की शुरुआती विफलताओं की सबसे बड़ी वजह एक महंगे विदेशी साइनिंग की नाकामी को बताया है.
पूर्व टी20 वर्ल्ड कप विजेता इरफान पठान का मानना है कि कलाई के स्पिनर नूर अहमद की खराब फॉर्म ने सीएसके के स्पिन विभाग को पूरी तरह निष्प्रभावी बना दिया है. इसकी झलक झलक रविवार रात एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मिली 43 रन की करारी हार में साफ दिखी. 21 वर्षीय बाएं हाथ के स्पिनर को आरसीबी के बल्लेबाजों ने जमकर निशाना बनाया. नूर अहमद ने चार ओवर में 0/49 के आंकड़े के साथ गेंदबाजी पूरी की, जबकि मेजबान टीम ने सीएसके के खिलाफ 18 साल में अपना सबसे बड़ा स्कोर 250 रन बोर्ड पर टांग दिया. अफगानिस्तान के इस स्पिनर को अब तक तीन मैचों में एक भी विकेट नहीं मिला है, जिससे सीएसके की गेंदबाजी की मुश्किलें और बढ़ गई हैं.
इरफान पठान ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, नूर इस वक्त सीएसके की सबसे बड़ी समस्या हैं. उन्होंने इस सीज़न में करीब 10 ओवर डाले हैं और 100 से ज्यादा रन दे चुके हैं. उनके खाते में एक भी विकेट नहीं है. मेरा मानना है कि अगर वह अपने रन-अप के एंगल को सुधार लें, तो उनका एलाइनमेंट बेहतर होगा और उनका हाथ, जो एक तरफ गिर रहा है, वह भी ज्यादा सीधा हो जाएगा.' पठान ने न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी की भी कड़ी आलोचना की, जो इस सीज़न में सीएसके के लिए अब तक प्रभावी साबित नहीं हो पाए हैं. हेनरी ने तीन मैचों में 130 रन देकर सिर्फ दो विकेट लिए हैं.
पठान ने आगे कहा, 'मैं उनकी गेंदबाजी से बहुत निराश हूं क्योंकि उनके पास काफी अनुभव है. उन्होंने पहले अच्छा प्रदर्शन किया है और उनकी इकॉनमी भी अच्छी रही है, लेकिन इस लीग में वह वैसा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं. एक अनुभवी गेंदबाज हाफ वॉली नहीं फेंकता. अंशुल कंबोज ने विराट कोहली को बाउंसर डालकर आउट किया, जब उन्होंने उन्हें आगे बढ़ते देखा. लेकिन मैट हेनरी ने विराट के आगे बढ़ने के बावजूद फुल डिलीवरी फेंकी.' आरसीबी से मिली हार के अलावा, सीएसके की सीज़न की शुरुआत भी कुछ खास नहीं रही थी. गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ टीम की शीर्ष क्रम की बल्लेबाजी पूरी तरह ढह गई और चेन्नई की टीम 127 रन पर सिमट गई. इसके बाद ऋतुराज गायकवाड़ की अगुवाई वाली टीम पिछले हफ्ते चेन्नई में पंजाब किंग्स के खिलाफ 209 रन का स्कोर भी डिफेंड नहीं कर सकी.














