Who Dream Making Mukul Choudhary cricketer? ईडन गार्डन्स पर कोलकाता टीम के 182 के लक्ष्य का पीछा करते हुए लखनऊ की टीम के लिए सातवें नंबर पर बैटिंग करने 21 साल के झुंझुनु, राजस्थान के मुकुल चौधरी मैदान पर उतरे तो फ़ैन्स लगभग उम्मीदें छोड़ चुके थे. लेकिन 21 साल के विकेटकीपर-बैटर हार कर मैच जीतनेवाले बाज़ीगर बन गए. उस वक्त मो. कैफ़ कॉमेन्ट्री कर रहे थे और फ़ैन्स मो. कैफ़ की 2002 नैटवेस्ट सीरीज़ की मैचजिताऊ पारी को याद कर रहे थे. मुकल चौधरी जब बैटिंग के लिए पिच पर आए तो लखनऊ का स्कोर 15वें ओवर में 125/6 था. मुकुल चौधरी ने यहां से एक सिरा संभालते हुए 2 चौके और 7 छक्कों के सहारे 200 के स्ट्राइक रेट से नाबाद 54 रन बनाए और इस मैच को हमेशा के लिए यादगार बना दिया.
लंबे समय बाद मिल गया अच्छा फ़िनिशर
लखनऊ के विजेता कप्तान ऋषभ पंत कहते हैं,"हमने नेट्स पर तो उन्हें कमाल करते देखा है. लेकिन मैच में ऐसा कमाल करना, वाकई उनके प्रदर्शन से हम ओतप्रोत हैं." मुकुल चौधरी को मैन ऑफ़ द मैच के ख़िताब से नवाज़ा गया. मुकुल कहते हैं,"पापा की शादी भी नहीं हुई थी तो उनका सपना था कि बेटे को बड़ा क्रिकेटर बनाना है. मैं पिछले साल गुरुग्राम रहा और टी-20 की फ़ास्ट क्रिकेट पर फोकस किया.” मुकुल कहते हैं कि लाइट्स के अंदर ये सिर्फ़ दूसरा मैच था.
टीम इंडिया के पूर्व कोच संजय बांगड़ कहते हैं,"मुकुल चौधरी ने एक सिरा संभाले रखा और ज़रूरत के वक्त छक्का लगाते रहे. पहले भी कई फ़िनिशर मिले हैं. लेकिन इस खिलाड़ी के पास शॉट्स का अच्छा रेंज है. ये एक अच्छा फ़िनिशर मिला है. उनमें कई बार सूर्यकुमार यादव की झलक दिखी."
विपक्षी टीम के कप्तान अजिंक्य रहाणे भी युवा मुकुल चौधरी की बैटिंग से प्रभावित हुए बिना नहीं रह सके. कोलकाता के कप्तान अजिंक्य रहाणे कहते हैं,"मुकुल की तारीफ़ करनी होगी. जिस तरह से उन्होंने बैटिंग की वो काबिले तारीफ़ है."
पूर्व भारतीय क्रिकेटर मो. कैफ़ कहते हैं,"मुकुल के पास अच्छा स्विंग है और शॉट्स के अच्छे रेंज हैं. इस खिलाड़ी ने कमाल की पारी खेली है. इसका नाम याद रखना भाइयों. मुकुल चौधरी का नाम लंबे समय तक याद रहनेवाला है. ये एक ऐतिसाहिक पारी आई है."
पैसा वसूल पारी
21 साल के राजस्थान में झुंझुनु के रहनेवाले मुकुल चौधरी घरेलू क्रिकेट में अपना जौहर दिखा चुके हैं. 2025 के सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफ़ी में मुकुल चौधरी ने पांच पारियों में 199 के स्ट्राइक रेट से 173 रन जोड़े और उन्हें लखनऊ सुपल जायंट्स ने 2.60 करोड़ रुपये में खरीद लिया. मुकुल की ये पैसा वसूल पारी आईपीएल के इतिहास में दर्ज हो गई.
यह भी पढ़ें: ‘IPL में शमी ने इससे पहले कभी नहीं डाली ऐसे गेंदें', शमी की गेंदें लगातार पूछ रही हैं चयनकर्ताओं से सवाल
यह भी पढ़ें: KKR VS LSG IPL 2026 Highlights: सांसे थाम देने वाले मैच में लखनऊ ने कोलकाता को हराया














