टीम इंडिया ने लगाई सिक्सर की सेंचुरी... टी-20 वर्ल्ड कप में क्या-क्या रिकॉर्ड बने?

टी-20 वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जा रहा है. इस मैच में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 18 छक्के जड़े हैं.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन.

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टी-20 वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला खेला जा रहा है. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 256 रनों का टारगेट दिया. हालांकि, टीम इंडिया ने जिस तरह से शुरुआत की थी, उससे लग रहा था कि स्कोर 300 के पार चला जाएगा. लेकिन 16वें ओवर में जेम्स नीशम ने तीन विकेट चटकाकर टीम इंडिया के रनों की रफ्तार पर रोक लगा दी. उस ओवर में 1 ही रन आया और संजू सैमसन, ईशान किशन और सूर्य कुमार यादव ने अपना विकेट गंवा दिया.

बाद के ओवरों में लगा कि न्यूजीलैंड ने मैच में वापसी कर ली है. लेकिन आखिरी ओवर में शिवम दुबे ने 3 चौके और 2 छक्के जड़कर 24 रन जोड़े. ये टीम इंडिया की बैटिंग ताकत दिखाता है.

फाइनल मैच में अब तक आउट ऑफ फॉर्म चल रहे अभिषेक शर्मा भी फॉर्म में लौट आए. उन्होंने 21 गेंदों में 52 रन बनाए. अभिषेक ने इस वर्ल्ड कप और वर्ल्ड कप के सभी नॉकआउट मैचों में सबसे तेज हाफ सेंचुरी बनाई है.

वहीं, संजू सैमसन ने लगातार तीसरी बार 80 से ज्यादा का स्कोर जड़ा. उन्होंने इस वर्ल्ड कप में सिर्फ तीन मैच खेले. इन तीनों मैचों में संजू सैमसन ने 24 छक्के लगाए, जो एक वर्ल्ड कप में किसी खिलाड़ी की तरफ से लगाए गए सबसे ज्यादा छक्के हैं. न्यूजीलैंड के फिन एलन दूसरे नंबर पर हैं. एलन ने अब तक 20 छक्के लगाए हैं. अगर इस मैच में वह 5 छक्के लगा देते हैं तो संजू का रिकॉर्ड टूट जाएगा.

इतना ही नहीं, टीम इंडिया ICC के किसी भी लिमिटेड ओवर टूर्नामेंट में 100 छक्के लगाने वाली पहली टीम है. टीम इंडिया ने इस टूर्नामेंट में 106 छक्के लगाए हैं. फाइनल मैच में ही टीम इंडिया ने 18 छक्के लगाए हैं. इससे पहले सबसे ज्यादा 99 छक्के साउथ अफ्रीका ने 2023 के वनडे वर्ल्ड कप में लगाए थे.

Featured Video Of The Day
West Asia War में Oil से Water तक पहुंचा भयानक युद्ध, Desalination Plants क्यों बने Targets? | Iran