BCCI breaks silence after India's defeat to South Africa: भारतीय क्रिकेट टीम और दक्षिण अफ्रीका के बीच रविवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टी20 विश्व कप 2026 का सुपर-8 का मुकाबला खेला गया.भारतीय टीम को इस मैच में बड़ी हार का सामना करना पड़ा. इस हार के साथ ही भारतीय टीम का 2022 टी20 विश्व कप सेमीफाइनल में इंग्लैंड से मिली हार के बाद से चला आ रहा विजय क्रम टूट गया. भारतीय टीम को जीत के लिए दक्षिण अफ्रीका ने 188 रन का लक्ष्य दिया था. बड़े स्कोर के दबाव में भारतीय टीम बिखर गई. टीम इंडिया महज 111 रन पर सिमट गई और 76 रन से मैच गंवा बैठी. टी20 विश्व कप इतिहास में रनों के लिहाज से भारतीय टीम की यह सबसे बड़ी हार है.
ये भी पढ़ें- IND vs SA, T20 World Cup: अहमदाबाद में इन 5 वजहों से हारी टीम इंडिया, गावस्कर ने बताया कहां हुई चूक
111 का स्कोर भारतीय टीम का विश्व कप के इतिहास में तीसरा सबसे न्यूनतम स्कोर भी है. भारत को मिली इस हार के बाद बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने पोस्ट शेयर किया और उम्मीद जताई है कि टीम इंडिया वापसी करेगी. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने अपने पोस्ट में लिखा, "कल शाम इंडिया-साउथ अफ्रीका मैच...हार गए लेकिन वापसी करेंगे."
बता दें कि भारतीय टीम का टी20 विश्व कप में सबसे छोटा स्कोर 79 है. टीम भारत टी20 विश्व कप 2016 में न्यूजीलैंड के खिलाफ अहमदाबाद में ही 79 रन पर सिमट गई थी. इसके बाद टी20 विश्व कप 2021 में भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ 110 रन बना सकी थी. टी20 विश्व कप में भारतीय टीम का चौथा न्यूनतम स्कोर 118 है. यह स्कोर 2009 में टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ बनाया था. पांचवां न्यूनतम स्कोर पाकिस्तान के खिलाफ टी20 विश्व कप 2024 में आया था. टीम इंडिया तब न्यूयॉर्क में 119 रन पर सिमट गई थी. हालांकि, उस मैच में भारतीय टीम विजयी रही थी.
साउथ अफ्रीका के खिलाफ सुपर-8 के अपने पहले मुकाबले में बड़ी हार का सामना करने वाली टीम इंडिया के लिए सेमीफाइनल की राह मुश्किल हो गई है. टीम इंडिया का रन रेट माइनस में चला गया है.
(IANS के इनपुट के साथ)














