India vs New Zealand 5th T20I, Suryakumar Yadav Statement: ईशान किशन के तूफानी शतक के बाद अर्शदीप सिंह के पंजे से भारत ने न्यूजीलैंड को सीरीज के आखिरी मुकाबले में 46 रन से हरा दिया. इस जीत के साथ भारत ने 4-1 से सीरीज अपने नाम की. भारतीय टीम अब वर्ल्ड कप में खेलती नजर आएगी और वर्ल्ड कप से पहले उसने आखिरी सीरीज में भी जीत दर्ज की है. भारतीय टीम बीते टी20 वर्ल्ड कप से अभी तक कोई भी टी20 सीरीज नहीं हारी है. सवाल कप्तान सूर्यकुमार यादव की फॉर्म को लेकर थे, लेकिन उनके बल्ले से भी इस सीरीज में रन आए. वर्ल्ड कप से पहले अपनी फॉर्म हासिल करने और भारतीय टीम की तैयारियों को लेकर उन्होंने मैच के बाद खुलकर बात की.
न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज का आखिरी टी20 अंतरराष्ट्रीय में जीत के बाद सूर्यकुमार यादन ने अपनी फॉर्म को लेकर कहा कि वह बीते एक साल से इन पलों का इंतजार कर रहे थे. सूर्या ने कहा,"बहुत अच्छा लग रहा है. यह एक लंबा साल था और ऐसे पलों के लिए लंबा इंतज़ार था. मैंने हमेशा सपना देखा था कि यह समय कब आएगा. आपने (मुरली कार्तिक) अहमदाबाद में पिछली सीरीज़ से पहले कहा था - जब SKY है, तो डरो मत. मैंने वही सब किया जो मैं पिछले एक साल से कर रहा था, अपने रूटीन पर टिका रहा. मुझे पता था कि मैं फॉर्म से बाहर नहीं था, बस रन नहीं बन रहे थे. यह बहुत अच्छी सीरीज़ रही, और वर्ल्ड कप में इस तरह की फीलिंग के साथ जाना सच में बहुत खास है."
सूर्यकुमार यादव ने इस दौरान अपनी मानसिकता को लेकर कहा,"लेकिन यही ज़िंदगी है. यह सफ़र का हिस्सा है. मैंने इसे आसानी से लिया, फिर से शुरुआत की, यह समझने की कोशिश की कि क्या गलत हो रहा था. पिछली सीरीज़ के बाद, मुझे दो-तीन हफ़्ते मिले जहां मैंने अपने करीबी दोस्तों के साथ समय बिताया - उन्होंने मुझे कुछ ज़रूरी बातें बताईं जिन्हें मुझे फॉलो करना था. यही एक खिलाड़ी की ज़िंदगी होती है. मैंने बहुत सारे करियर देखे हैं - सिर्फ़ क्रिकेट में ही नहीं - जहां लोग इन फेज़ से गुज़रते हैं. मुझे पता था कि अगर मैं छोटी-छोटी चीज़ें सही करता रहूंगा तो मेरा समय ज़रूर आएगा. जिस तरह से चीज़ें हुई हैं, मैं उससे बहुत खुश हूं."
वहीं टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत से पहले जिस तरह से भारतीय टीम खेल रही है, उसको लेकर कहा,"बिल्कुल. आप जीतें या हारें, आप गेम से हमेशा कुछ न कुछ सीखते हैं. जब हम मुंबई वापस जाएंगे और साउथ अफ्रीका के खिलाफ वार्म-अप गेम खेलेंगे, तो हम बैठकर पिछले पांच गेम और पूरे साल का एनालिसिस करेंगे - हमने क्या अच्छा किया और हम क्या बेहतर कर सकते हैं. फिर हम अपना कैंपेन शुरू करेंगे."
काली मिट्टी की पिच पर भारत ने 271 रन बनाए थे, इसके जवाब में न्यूजीलैंड 225 रन ही बना पाई. सूर्या ने गेंदबाजी को लेकर कहा,"यह फॉर्मेट गेंदबाजों के लिए सच में बहुत मुश्किल है - मैं यह पूरी तरह समझता हूं. जब आप बड़े रन बनाते हैं, तो आपको उम्मीद करनी चाहिए कि सामने वाली टीम आप पर ज़ोरदार हमला करेगी. एक कप्तान और एक बॉलिंग यूनिट के तौर पर, आप हमेशा दबाव में रहते हैं. सबसे ज़रूरी बात है अच्छी प्लानिंग करना. यह सब सीखने की प्रक्रिया का हिस्सा है. हम बैठेंगे, इस बारे में बात करेंगे और आगे बढ़ेंगे."
यह भी पढ़ें: IND U19 vs PAK U19 LIVE Streaming: वैभव सूर्यवंशी मचाएंगे तहलका, जानें कितने बजे शुरू होगा मैच, कहां देख पाएंगे लाइव














