Gautam Gambhir on Relation With Virat Kohli Rohit Sharma: विराट कोहली, रोहित शर्मा और गौतम गंभीर के रिश्तों पर रह-रहकर बात होती है. भले ही तीनों दिग्गज इस पर सफाई दे चुके हैं, लेकिन सवाल उठते रहते हैं कि ड्रेसिंग रूम में रोहित-विराट के रहने से गंभीर सहज नहीं है. रोहित-विराट अब केवल वनडे फॉर्मेट खेलते हैं. ROK-KO ने 2024 टी20 वर्ल्ड कप के बाद उन्होंने क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट से संन्यास लिया था. जबकि 2025 में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के बाद टेस्ट से दोनों संन्यास ले चुके हैं. वहीं अब भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने सीनियर खिलाड़ियों विराट कोहली और रोहित शर्मा के साथ कथित अनबन की लंबे समय से चल रही अफ़वाहों पर अपनी चुप्पी तोड़ी है.
सोमवार को एक कार्यक्रम में बोलते हुए गंभीर ने कहा कि उनके ड्रेसिंग रूम में ईमानदारी और नीयत हमेशा से सबसे अहम रही है और वह सभी के साथ एक जैसा बर्ताव करते हैं. रेवस्पोर्स्ट्स के कॉन्क्लेव के दौरान जब गौतम गंभीर से पूछा गया था कि रोहित-कोहली के साथ उनके रिश्तों को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा होती रहती है. यूजर्स कहते हैं कि कोहली और रोहित के साथ उनके संबंध अच्छे नहीं हैं.
इस सवाल के जवाब में गौतम गंभीर ने कहा कि वो भी इंसान हैं और उनसे भी गलतियां हो सकती हैं, लेकिन उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि सही इरादे से लिए गए फ़ैसलों को स्वीकार किया जाना चाहिए. उन्होंने आगे कहा कि टीम मैनेजमेंट या खिलाड़ियों द्वारा लिए गए हर फ़ैसले के पीछे का इरादा ही सबसे ज़्यादा मायने रखता है.
गौतम गंभीर ने कहा,"हां, मैं इंसान हूं और मुझे भी गलतियां करने की इजाज़त होनी चाहिए. ठीक किसी और की तरह, खिलाड़ियों को भी गलतियां करने की इजाज़त मिलनी चाहिए. पिछले 18 महीनों में मैंने ज़रूर कुछ गलतियां की होंगी. मैं इससे पीछे नहीं हटता, लेकिन मैंने हमेशा एक बात पर यकीन किया है. सही इरादे के साथ लिया गया गलत फ़ैसला मंज़ूर है, लेकिन गलत इरादे के साथ लिया गया गलत फ़ैसला उस ड्रेसिंग रूम में बिल्कुल भी मंज़ूर नहीं है."
गौतम गंभीर ने आगे कहा,"मेरे लिए यह बहुत सीधा है. जब तक मैं हर काम ईमानदारी से कर रहा हूं, जब तक मैं उस ड्रेसिंग रूम में मौजूद हर किसी के प्रति ईमानदार रह सकता हूं—सिर्फ़ एक-दो लोगों के प्रति नहीं, बल्कि मालिश करने वाले से लेकर असिस्टेंट कोच तक, हर किसी के प्रति—और जब तक मैं उनकी आंखों में आंखें डालकर उनसे बात कर सकता हूं, मुझे लगता है कि मैं अपनी ज़िम्मेदारी के साथ सही काम कर रहा हूं. और यही वह बात है जिसके साथ मैं जी सकता हूं; यही वह बात है जिसका मैं आपसे वादा कर सकता हूं. पिछले 18 या 20 महीनों में—मेरा कार्यकाल चाहे जितना भी रहा हो—मुझे लगता है कि यही वह चीज़ है जिसके साथ मैं सुकून से जी सकता हूं."
गंभीर और कोहली के बीच तनाव की अफ़वाहें कई सालों से चल रही हैं. IPL के दौरान दोनों के बीच मैदान पर तीखी बहसें हुई थीं. सबसे ताज़ा मामला 2023 का है, जब गंभीर लखनऊ सुपर जायंट्स के मेंटर थे और कोहली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेल रहे थे. इस वजह से कई फैंस को यह लगने लगा कि दोनों के बीच की यह प्रतिद्वंद्विता मैदान के बाहर भी जारी है.
यह भी पढ़ें: 'मन की आवाज सुनी ...' सूर्यकुमार यादव का खुलासा, बताया क्यों ईशान किशन को टीम इंडिया में मिली थी जगह
यह भी पढ़ें: गंभीर-सूर्यकुमार की इस रणनीति ने पटली थी बाजी, अब कप्तान ने बताया क्यों संजू सैमसन को किया गया था शामिल














