T20 World Cup 2026: भारत के हेड कोच गौतम गंभीर ने मंगलवार को पाकिस्तान द्वारा भारत के खिलाफ हाई-वोल्टेज T20 वर्ल्ड कप मुकाबले से दूरी बनाने के फैसले पर किसी भी तरह की प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया. यह मामला उस वक्त सामने आया, जब पाकिस्तान सरकार ने अपनी टीम को टूर्नामेंट में खेलने की इजाजत तो दी, लेकिन भारत के खिलाफ मैच के लिए अब तक खुलकर हरी झंडी नहीं दी है. इस बीच एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें गौतम गंभीर मुंबई रवाना होते हुए नजर आ रहे हैं.
एयरपोर्ट पर कोच गौतम गंभीर से सवाल
मुंबई के लिए रवाना होने से पहले एयरपोर्ट पर मौजूद रिपोर्टर्स ने गौतम गंभीर से T20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान के द्वारा भारत के खिलाफ मैच बॉयकॉट के फैसले पर सवाल पूछने की कोशिश की, लेकिन हेड कोच गौतम गंभीर ने इन सवालों को पूरी तरह अनसुना कर दिया. उन्होंने सिर्फ शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद कहा और बिना कुछ बोले अंदर चले गए.
ग्रुप A में भारत-पाकिस्तान आमने-सामने
भारत और पाकिस्तान को ग्रुप A में रखा गया है, जहां उनके साथ अमेरिका (USA), नीदरलैंड्स और नामीबिया भी शामिल हैं. टूर्नामेंट की शुरुआत 7 फरवरी से होगी. पाकिस्तान अपने अभियान की शुरुआत उसी दिन कोलंबो में नीदरलैंड्स के खिलाफ करेगा, जबकि भारत बाद में अमेरिका से भिड़ेगा.
भारतीय टीम शानदार फॉर्म में
वर्ल्ड कप से पहले भारतीय टीम जबरदस्त लय में नजर आई है. भारत ने हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की T20I सीरीज 4-1 से अपने नाम की. वहीं पाकिस्तान भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू T20I सीरीज़ में क्लीन स्वीप करके टूर्नामेंट में उतर रहा है. हालांकि ICC T20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ पाकिस्तान का रिकॉर्ड बेहद खराब रहा है. दोनों टीमें अब तक 8 बार आमने-सामने आई हैं, जिसमें भारत ने 7 मुकाबले जीते हैं, जबकि पाकिस्तान को सिर्फ एक जीत मिली है.
एशिया कप की यादें ताजा
पिछले साल खेले गए एशिया कप में भी भारत ने पाकिस्तान पर पूरी तरह दबदबा बनाया था. फाइनल समेत पूरी सीरीज़ में भारत ने पाकिस्तान को एकतरफा अंदाज़ में हराया. इन मुकाबलों में युवा भारतीय बल्लेबाज़ अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा ने शानदार प्रदर्शन किया था. खास तौर पर फाइनल में तिलक वर्मा ने 147 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नाबाद 69 रन बनाकर अपने बड़े मैच के मिज़ाज को साबित किया.
अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या भारत-पाकिस्तान का ये बहुप्रतीक्षित मुकाबला खेला जाएगा या फिर राजनीतिक फैसले क्रिकेट पर भारी पड़ेंगे.
ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रिंकू सिंह.
ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए पाकिस्तान टीम: सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आज़म, फहीम अशरफ, फखर ज़मान, ख्वाजा मोहम्मद नफे (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज़, मोहम्मद सलमान मिर्ज़ा, नसीम शाह, साहिबज़ादा फरहान (विकेटकीपर), सईम अयूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान, उस्मान तारिक.














