DC vs GT IPL 2026: अरुण जेटली स्टेडियम की पिच क्या असर दिखाएगी? कैसा है हेड-टू-हेड रिकॉर्ड, दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग XI

DC vs GT IPL 2026: बुधवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस की भिड़ंत होनी है. गुजरात को जहां पहली जीत का इंतजार है, तो वहीं दिल्ली जीत की हैट्रिक लगानी चाहेगी. हालांकि, मैच पर बारिश का साया मंडरा रहा है.

विज्ञापन
Read Time: 5 mins
Delhi Capitals vs Gujarat Titans

IPL 2026 Delhi Capitals vs Gujarat Titans: दिल्ली कैपिटल्स को अगर इंडियन प्रीमियर लीग में अपनी मजबूती बनाए रखना है तो बुधवार को होने वाले मैच में गुजरात टाइटंस की लड़खड़ाती टीम के खिलाफ केएल राहुल की अगुवाई वाले उसके शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों को अच्छा प्रदर्शन करना होगा. दिल्ली कैपिटल्स ने गेंदबाज़ी में अच्छा प्रदर्शन किया है जिससे वह पिछले कुछ मैच जीतने में सफल रही. बल्लेबाजी में उसकी तरफ से 22 वर्षीय समीर रिजवी ने अधिक जिम्मा संभाला है. इस युवा बल्लेबाज ने अपने धैर्य और कौशल का शानदार नमूना पेश करके प्रभावित किया है. अगर राहुल और शीर्ष क्रम के अन्य बल्लेबाज लय में आ जाते हैं, तो दिल्ली कैपिटल्स और भी मजबूत टीम बन जाएगी. बात अगर रिकॉर्ड की करें तो दोनों देश 7 बार आमने-सामने आए हैं. इस दौरान दिल्ली ने 3 जबकि गुजरात ने 4 मैचों में जीत दर्ज की है. 

केएल राहुल और नीतीश राणा पर नजरें

केएल राहुल अपनी शुरुआती दो पारियों में जिस तरह से आउट हुए हैं, उसके लिए उन्हें दोषी नहीं ठहराया जा सकता और वह किसी भी समय बड़ी पारी खेल सकते हैं. तीसरे नंबर पर हालांकि नीतीश राणा असफल रहे हैं और लग रहा है कि वह इस नंबर पर ज्यादा दबाव महसूस कर रहे हैं. श्रीलंका के सलामी बल्लेबाज पथुम निसांका ने पिछले मैच में अपनी लय हासिल कर ली थी, जिससे उन्हें पावरप्ले में गुजरात टाइटन्स के तेज गेंदबाजों कैगिसो रबाडा और मोहम्मद सिराज की जोड़ी का सामना करने के लिए जरूरी आत्मविश्वास मिलेगा.

दिल्ली को इन खिलाड़ियों से उम्मीद

आईपीएल में लगातार तीसरा अर्धशतक (एक अर्धशतक पिछले सत्र के अपने आखिरी मैच में लगाया था) लगाने वाले रिजवी आक्रामक फॉर्म में हैं. उनमें स्पिनरों की जमकर धुनाई करने की क्षमता तो पहले से थी ही, लेकिन अब वह तेज गेंदबाजों को भी नहीं बख्श रहे हैं. मुंबई इंडियंस के खिलाफ पिछले मैच में उन्होंने पारी के शुरू में संयमित रवैया अपनाया लेकिन बाद में उन्होंने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करके अपनी टीम को आसान जीत दिलाई.

दिल्ली की तरफ से गेंदबाजों में मुकेश कुमार ने अब तक शानदार प्रदर्शन किया है, वहीं कप्तान अक्षर पटेल पावरप्ले और बीच के ओवरों दोनों में प्रभावी रहे हैं. लुंगी एनगिडी ने दिल्ली की गेंदबाजी इकाई को मजबूती प्रदान की है, जिसमें टी नटराजन और कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव भी शामिल हैं.

Advertisement

गुजरात को करना होगा बेहतर प्रदर्शन

इसके विपरीत गुजरात टाइटन्स एक ऐसी टीम है जो दोनों विभाग में लड़खड़ा रही है. गुजरात टाइटन्स अपने शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों पर जरूर से ज्यादा निर्भर नजर आ रही है और उसका मध्यक्रम नहीं चल पा रहा है. गुजरात टाइटन्स को अपने पिछले मैच में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 205 रन का लक्ष्य से हासिल कर लेना चाहिए था, लेकिन सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन से मिली अच्छी शुरुआत का मध्यक्रम के बल्लेबाज फायदा नहीं उठा सके. ग्लेन फिलिप्स, वाशिंगटन सुंदर और राहुल तेवतिया जैसे मध्यक्रम के बल्लेबाजों को दबाव में बेहतर प्रदर्शन करने की जरूरत है.

कप्तान गिल की वापसी तय

कप्तान शुभमन गिल मांसपेशियों में खिंचाव के कारण पिछला मैच नहीं खेल पाए थे, लेकिन कार्यवाहक कप्तान राशिद खान ने कहा कि दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ महत्वपूर्ण मैच के लिए वह पूरी तरह से फिट हो जाएंगे. गुजरात टाइटन्स की टीम अपने पहले दो मैच हार गई है और इनमें उसके गेंदबाजों का प्रदर्शन भी अच्छा नहीं रहा. सिराज और रबाडा दोनों ही थोड़े महंगे साबित हुए हैं, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा अपने प्रदर्शन में निरंतरता नहीं रख पाए हैं.

Advertisement

क्या असर दिखाएगी पिच

कोटला की पिच पर आमतौर पर खूब रन बनते हैं, लेकिन पिछले सप्ताह दोपहर के मैच में ऐसा नहीं हुआ और मुंबई इंडियंस की टीम केवल 162 रन ही बना पाई. यह देखना बाकी है कि यहां की पिच अप्रैल में शाम के सत्र में होने वाले मैच में कैसा व्यवहार करती है. इसके अलावा मैच की शुरुआत के दौरान बारिश की संभावना जताई गई है. ऐसे में ओवरकास्ट कंडीशन में शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को मदद मिल सकती है. 

दिल्ली कैपिटल्स संभावित प्लेइंग इलेवन: केएल राहुल (विकेटकीपर), पथुम निसांका, नितीश राणा, समीर रिज़वी, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल (कप्तान), लुंगी एनगिडी, कुलदीप यादव, टी नटराजन, मुकेश कुमार.

गुजरात टाइटंस संभावित प्लेइंग इलेवन: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, वाशिंगटन सुंदर, शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, राशिद खान, कगिसो रबाडा/जेसन होल्डर, अशोक शर्मा, मोहम्मद सिराज

यह भी पढ़ें: IPL 2026: 'जिस तरह के शॉट्स लगाता है...' वैभव सूर्यवंशी की बैटिंग देख हैरान रह गए हार्दिक पांड्या

Advertisement

यह भी पढ़ें: IPL 2026: MS Dhoni नहीं हुए हैं फिट, CSK को अभी खलेगी थाला की कमी, पूर्व कप्तान की चोट पर आया अपडेट

Featured Video Of The Day
Kachehri | US Iran War | युद्ध में परमाणु के अलावा कौन से बमों पर पाबंदी | Meenakshi Kandwal