18 साल बाद स्टीफन फ्लेमिंग ने छोड़ा चेन्नई सुपरकिंग्स का साथ, 5 बार बनाया था चैंपियन

Stephen Fleming Tenures End With CSK: स्टीफन फ्लेमिंग ने साल 2008 में IPL के पहले सीजन के दौरान बतौर खिलाड़ी के तौर पर CSK से जुड़ने के साथ शुरू हुई थी.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
Stephen Fleming Tenures End With CSK:

Stephen Fleming Tenures End With CSK: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने आपसी सहमति से अपने 18 साल के साथ को खत्म करने का फैसला किया है. फ्रेंचाइजी ने यह घोषणा की जिससे लीग के इतिहास में सबसे लंबे और सबसे सफल कोचिंग कार्यकाल में से एक का समापन हुआ. यह फैसला फ्लेमिंग और फ्रेंचाइजी मैनेजमेंट के बीच बातचीत के बाद लिया गया. इस फैसले के साथ ही उस साझेदारी का अंत हो गया जो 2008 में IPL के पहले सीजन के दौरान न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान के खिलाड़ी के तौर पर CSK से जुड़ने के साथ शुरू हुई थी और अगले साल वे हेड कोच बने थे.

फ्लेमिंग के मार्गदर्शन में चेन्नई सुपर किंग्स ने पांच IPL खिताब अपने नाम किए. इसके अलावा टीम ने दो चैंपियंस लीग टी20 ट्रॉफियां भी जीतीं. CSK ने उनके कार्यकाल में रिकॉर्ड 12 बार IPL प्लेऑफ में जगह बनाई और 10 बार फाइनल तक का सफर तय किया. यही वजह रही कि फ्लेमिंग को फ्रेंचाइजी की पहचान और सफलता का अहम स्तंभ माना जाता है.

CSK द्वारा जारी किये गए बयान में फ्रेंचाइजी की ओर से इस फैसले की घोषणा करते हुए CSK की मालकिन रूपा गुरुनाथ ने फ्लेमिंग के योगदान को याद किया. उन्होंने कहा कि स्टीफन फ्लेमिंग ने लगभग दो दशकों तक टीम की सोच, पहचान और जीत की संस्कृति को मजबूत किया. उनके मुताबिक फ्लेमिंग का समर्पण, नेतृत्व और जुनून हमेशा चेन्नई सुपर किंग्स की विरासत का अहम हिस्सा रहेगा, भले ही अब उनका मैदान पर साथ समाप्त हो गया हो.

Advertisement

CSK के मैनेजिंग डायरेक्टर काशी विश्वनाथन ने भी फ्लेमिंग की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि फ्लेमिंग का प्रभाव केवल मैचों के नतीजों तक सीमित नहीं था, बल्कि उन्होंने टीम के भीतर ऐसा माहौल तैयार किया, जिसमें निरंतरता, विनम्रता और टीम को सबसे ऊपर रखने की संस्कृति विकसित हुई. उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन निकलवाने की फ्लेमिंग की क्षमता उनकी सबसे बड़ी ताकत रही.

अपने विदाई संदेश में स्टीफन फ्लेमिंग ने चेन्नई सुपर किंग्स के साथ बिताए समय को अपने कोचिंग करियर का सबसे यादगार अध्याय बताया. उन्होंने कहा कि खेल की दुनिया में 18 साल का सफर बहुत लंबा होता है और वह यहां से केवल आभार के साथ विदा ले रहे हैं. फ्लेमिंग ने कहा कि CSK के साथ उन्होंने कई शानदार जीत, कठिन चुनौतियां और अविस्मरणीय पल साझा किए, जिन्हें वह हमेशा याद रखेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि चेन्नई सुपर किंग्स हमेशा उनके दिल के करीब रहेगी और भविष्य में भी वह टीम का समर्थन करते रहेंगे.

Advertisement

स्टीफन फ्लेमिंग के जाने के साथ ही चेन्नई सुपर किंग्स के इतिहास का एक सुनहरा अध्याय समाप्त हो गया. IPL की शुरुआत से ही उन्होंने इस फ्रेंचाइजी को लगातार सफलता दिलाने और दुनिया की सबसे मजबूत टी20 टीमों में शामिल कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. उनके योगदान को CSK के इतिहास में हमेशा विशेष स्थान मिलेगा.

(IANS इनपुट के साथ)

Featured Video Of The Day
Vietnam Boat Accident में ऑपरेटर गिरफ्तार, बिना लाइफ जैकेट सफर पर उठे 5 बड़े सवाल

Topics mentioned in this article
Cricket