Abhishek Sharma T20 World Record SRH vs DC IPL 2026: आईपीएल 2026 के 31वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ ऐसी तूफानी पारी खेली कि क्रिकेट जगत के बड़े-बड़े दिग्गज पीछे छूट गए. हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में अभिषेक ने अपनी बल्लेबाजी से मैदान के चारों ओर चौकों-छक्कों की बरसात कर दी. उन्होंने महज 68 गेंदों का सामना करते हुए 135 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसमें 10 शानदार चौके और 10 गगनचुंबी छक्के लगाए. इस पारी के दौरान उनका स्ट्राइक रेट 198 का रहा, जिसके सामने दिल्ली के गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए.
इस धमाकेदार पारी के साथ ही अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma T20 World Record) ने टी20 क्रिकेट में एक बहुत बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. वह टी20 फॉर्मेट में 4 बार 130 से ज्यादा रनों की पारी खेलने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं. इस मामले में उन्होंने 'यूनिवर्स बॉस' क्रिस गेल और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान एरोन फिंच को पछाड़ दिया है, जिन्होंने 3-3 बार यह कारनामा किया था.
इतना ही नहीं, अभिषेक अब टी20 क्रिकेट में भारत की तरफ से सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में विराट कोहली के बराबर पहुंच गए हैं. अब इन दोनों के नाम टी20 क्रिकेट में 9-9 शतक दर्ज हैं.
अभिषेक ने मैच की शुरुआत से ही ट्रेविस हेड के साथ मिलकर दिल्ली पर दबाव बना दिया था. दोनों ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 8.5 ओवर में 97 रन जोड़े. इसके बाद अभिषेक ने ईशान किशन के साथ 79 रन और फिर हेनरिक क्लासेन के साथ मिलकर 66 रनों की अहम साझेदारियां कीं. अपनी इस पारी के दौरान अभिषेक ने टी20 क्रिकेट में अपने 350 छक्के भी पूरे किए. बता दें कि यह आईपीएल में दूसरी बार है जब अभिषेक ने 130 से ज्यादा रन बनाए हैं; इससे पहले 2025 में उन्होंने पंजाब किंग्स के खिलाफ नाबाद 141 रन कूटे थे.














