Abhishek Sharma Sixes Record SRH vs KKR: आईपीएल 2026 के छठे मुकाबले में जब सनराइजर्स हैदराबाद और कोलकाता नाइट राइडर्स कोलकाता के ईडन गार्डन में आमने-सामने होंगी, तो सबकी नजर एक खास खिलाड़ी पर टिकी रहेगी अभिषेक शर्मा. यह मुकाबला सिर्फ दो टीमों की पहली जीत की तलाश का नहीं होगा, बल्कि अभिषेक के लिए भी एक खास माइलस्टोन से जुड़ा है. वह सनराइजर्स हैदराबाद के लिए आईपीएल में अपने 100 छक्के पूरे करने से महज 3 छक्के दूर हैं. इस मैच में हर छक्का सिर्फ रन नहीं, बल्कि एक रिकॉर्ड की ओर कदम होगा. जैसे ही अभिषेक तीन छक्के और लगाते हैं, वह SRH के लिए आईपीएल में 100 छक्के पूरे करने वाले खास खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो जाएंगे.
मिडिल ऑर्डर से विस्फोटक ओपनर तक का सफर
अभिषेक शर्मा का आईपीएल सफर किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रहा. 2018 में अंडर-19 वर्ल्ड कप जीत के बाद उन्होंने डेब्यू मैच में ही 19 गेंदों पर नाबाद 46 रन ठोककर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई थी. शुरुआत में दिल्ली कैपिटल्स के लिए मिडिल ऑर्डर में खेलने वाले अभिषेक को असली पहचान तब मिली, जब वह सनराइजर्स हैदराबाद से जुड़े और उन्हें ओपनिंग का मौका मिला. आईपीएल 2022 से ओपनर बनने के बाद उन्होंने 167+ के स्ट्राइक रेट से रन बनाते हुए पावरप्ले बल्लेबाजी को नई दिशा दी. हाल के सीजन में तो उनका स्ट्राइक रेट लगभग 200 के करीब पहुंच गया है, जो उनकी आक्रामक शैली को साफ दर्शाता है.
KKR के खिलाफ मौका और चुनौती
हालांकि, मौजूदा फॉर्म SRH के लिए चिंता का विषय है. ट्रैविस हेड और अभिषेक दोनों ही हाल के मैचों में लय में नजर नहीं आए हैं. ऐसे में केकेआर के मजबूत स्पिन अटैक के खिलाफ अभिषेक के पास खुद को साबित करने का बड़ा मौका होगा. अगर वह शुरुआती ओवरों में टिक गए, तो न सिर्फ टीम को मजबूत शुरुआत मिलेगी, बल्कि उनका 100 छक्कों का आंकड़ा भी इसी मैच में पूरा हो सकता है.
अभिषेक शर्मा पर SRH की उम्मीदों का भार
पैट कमिंस की गैरमौजूदगी में SRH की जिम्मेदारी बल्लेबाजों पर ज्यादा है. टीम को बड़े स्कोर की जरूरत है और इसके लिए टॉप ऑर्डर का चलना बेहद जरूरी है. मिडिल ऑर्डर में हेनरिक क्लासेन जैसे खिलाड़ी हैं, लेकिन उनका हालिया फॉर्म भी चिंता बढ़ा रहा है. ऐसे में अभिषेक की तेज शुरुआत टीम के लिए गेम चेंजर साबित हो सकती है.














