यह ख़बर 26 मार्च, 2013 को प्रकाशित हुई थी

बफे एक पायदान ऊपर, बने दुनिया के तीसरे सबसे बड़े रईस

खास बातें

  • प्रतिष्ठित पत्रिका फोर्ब्स ने कहा कि नामचीन निवेशक वारेन बफे दुनिया के तीसरे सबसे धनाढ़्य व्यक्ति बन गए हैं। उन्होंने अरबपति अमानसिओ ओर्टेगा का स्थान लिया है। कुछ सप्ताह पहले ही फोर्ब्स ने धनाढ़्यों की सूची जारी की थी। उसके बाद यह बदलाव हुआ है।
न्यूयार्क:

प्रतिष्ठित पत्रिका फोर्ब्स ने कहा कि नामचीन निवेशक वारेन बफे दुनिया के तीसरे सबसे धनाढ़्य व्यक्ति बन गए हैं। उन्होंने अरबपति अमानसिओ ओर्टेगा का स्थान लिया है। कुछ सप्ताह पहले ही फोर्ब्स ने धनाढ़्यों की सूची जारी की थी। उसके बाद यह बदलाव हुआ है।

सोमवार को कारोबार सत्र समाप्त होने पर बफे का नेटवर्थ 54.9 अरब डॉलर रहा वहीं ओर्टेगा का बाजार पूंजीकरण 54.5 अरब डॉलर रहा।

फोर्ब्स ने कहा, ‘हमने 14 फरवरी के शेयर भाव के आधार पर वर्ष 2013 के धनाढ़्यों की सूची जारी की थी। इसे हमने चार मार्च को प्रकाशित किया था। उसकी तुलना में सोमवार को बाजार बंद होने के बाद ओर्टेगा का नेटवर्थ 2.5 अरब डॉलर कम हुआ है। वहीं बफे का नेटवर्थ 1.4 अरब डॉलर बढ़ा।’

सोमवार को बफे के बर्कशयर हैथवे शेयर का भाव 0.03 प्रतिशत बढ़ा जबकि आर्टेगा का इंडीटेक्स मैड्रिड शेयर बाजार में 0.15 प्रतिशत कम हुआ। फोर्ब्स द्वारा चार मार्च को प्रकाशित धनाढ्यों की सूची के अनुसार मैक्सिको के कारोबारी कालरेस स्लिम 73 अरब डॉलर के नेटवर्थ के साथ दुनिया में सबसे धनवान व्यक्ति रहे। उसके बाद क्रमश: बिल गेट्स (67 अरब डॉलर), अमानसियो ओर्टेगा (57 अरब डॉलर), वारेन बफे (53.5 अरब डॉलर) का स्थान था। बफे और आर्टेगा के अलावा सूची में और कोई बदलाव नहीं हुआ है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

फोर्ब्स की ताजा सूची के अनुसार धनाढ्यों में मुकेश अंबानी 22वें स्थान पर हैं जबकि 16.5 अरब डॉलर के नेटवर्थ के साथ दूसरे सबसे धनवान भारतीय लक्ष्मी मित्तल 41वें स्थान पर हैं।