यह ख़बर 18 जून, 2012 को प्रकाशित हुई थी

उप्र सरकार का यू-टर्न, 7 बजे नहीं बंद होंगे बाजार, मॉल्स

खास बातें

  • उत्तर प्रदेश में बिजली आपूर्ति को लेकर एक दिन पहले दिए गए अपने आदेश पर यू-टर्न लेते हुए सरकार ने सदन में सोमवार को बयान दिया कि शाम सात बजे तक बाजार और शॉपिंग मॉल्स बंद नहीं होंगे।
लखनऊ:

उत्तर प्रदेश में बिजली आपूर्ति को लेकर एक दिन पहले दिए गए अपने आदेश पर यू-टर्न लेते हुए सरकार ने सदन में सोमवार को बयान दिया कि शाम सात बजे तक बाजार और शॉपिंग मॉल्स बंद नहीं होंगे।

विधानसभा में विपक्ष के तेवरों से घबरायी सरकार की ओर से सफाई देते हुए नगर विकास मंत्री आजम खान ने कहा कि सरकार ने बाजार और शॉपिंग मॉल्स बंद करने का आदेश नहीं दिया था। सरकार की ओर से यह मात्र एक सुझाव था।

सदन में दिए गए अपने बयान में आजम खान ने कहा कि बिजली आपूर्ति की समस्या को देखते हुए सरकार ने ऐसा सुझाव दिया था कि शाम सात बजे तक बाजार और शॉपिंग मॉल्स बंद किए जा सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि आजम खान ने जब सोमवार को सरकार की ओर से यह बयान दिया उस समय विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के सदस्य मौजूद नहीं थे।

इससे पहले, विधानसभा सत्र के दौरान राज्य में बिजली आपूर्ति का मुददा जोर-शोर से उठा। इस मुददे को लेकर भाजपा ओर कांग्रेस के सदस्यों ने सदन से बहिर्गमन कर दिया।

विधानसभा की कार्यवाही सोमवार को 11 बजे जैसे ही शुरू हुई विपक्षी सदस्यों ने एकजुट होकर सरकार के उस फैसले का विरोध किया।

भाजपा के सदस्यों ने इस मुद्दे को लेकर जबर्दस्त हंगामा किया। विधानसभा में पार्टी के सचेतक राधामोहन दास अग्रवाल ने कहा कि सरकार का यह निर्णय पूरी तरह से गलत है।

भाजपा सदस्यों के सुर में सुर मिलाते हुए कांग्रेसी सदस्यों ने भी सरकार के खिलाफ  नारेबाजी करते हुए जल्द से जल्द इस फैसले को वापस लेने की मांग की।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

गौरतलब है कि बिजली आपूर्ति की दिक्कतों को देखते हुए राज्य सरकार ने प्रदेशभर की सभी दुकानों और मॉल को शाम सात बजे के बाद बंद किए जाने का आदेश दिया था।