तीसरी तिमाही के नतीजों, आम बजट से निवेशकों की उम्मीदों से तय होगी शेयर बाजार की दिशा

तीसरी तिमाही के नतीजों, आम बजट से निवेशकों की उम्मीदों से तय होगी शेयर बाजार की दिशा

नई दिल्ली:

आगामी सप्ताह में भारतीय शेयर बाजारों की दिशा बड़ी कंपनियों के तिमाही नतीजों तथा आगामी बजट से निवेशकों की उम्मीदों से तय होगी. यह अनुमान शेयर बाजार विशेषज्ञों ने जताया है. इसके अलावा सोमवार को थोक मुद्रास्फीति के आंकड़े भी आने है, और उनसे भी बाजार की धारणा प्रभावित होगी.

ट्रेड स्मार्ट ऑनलाइन के संस्थापक निदेशक विजय सिंघानिया ने कहा, "आगामी बजट से उम्मीद, कंपनियों के तीसरी तिमाही के नतीजों तथा आगामी सार्वजनिक निर्गमों से बाजार की दिशा निर्धारित होगी..." एशिया का सबसे पुराना एक्सचेंज बीएसई अपना बहुप्रतीक्षित 1,500 करोड़ रुपये का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 23 जनवरी को लाएगा.

बाजार विश्लेषकों ने कहा कि तीसरी तिमाही के नतीजे बाजार के लिए अगला सबसे बड़ा उत्प्रेरक साबित होंगे. इस सप्ताह जिन प्रमुख कंपनियों के नतीजे आएंगे, उनमें रिलायंस इंडस्ट्रीज़, एक्सिस बैंक और अदाणी पॉवर शामिल हैं.

वृहद आर्थिक मोर्चे पर दिसंबर, 2016 के लिए थोक बिक्री मूल्य सूचकांक (डब्ल्यूपीआई) आधारित मुद्रास्फीति की घोषणा सोमवार को की जाएगी.

बीएनपी परिबा फाइनेंशल सर्विसेज लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, "इसके अतिरिक्त वैश्विक बाजार की नजर अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शपथग्रहण और कार्यभार संभालने पर होगी. उनके आर्थिक एजेंडे बाजार पर अपना असर डालेंगे..."

बीते सप्ताह बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 478.83 अंक अथवा 1.78 प्रतिशत की तेजी दर्शाता तथा निफ्टी 156.55 अंक अथवा 1.89 प्रतिशत की तेजी दर्शाता बंद हुआ था.


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com