खास बातें
- सेंसेक्स 407.03 अंक उछलकर 18,312.94 अंक पर, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 106 अंक चढ़कर 5408.45 पर बंद हुआ।
मुंबई: बंबई शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स में चार दिन की गिरावट के सिलसिले पर गुरुवार को विराम लगा और सेंसेक्स 407.03 अंक उछलकर 18,312.94 अंक पर बंद हुआ, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 105.90 अंक चढ़कर 5408.45 पर बंद हुआ।
सेंसेक्स पिछले चार कारोबारी सत्र में कुल 1,361 अंक लुढ़क कर बुधवार को बंद के समय 17,759.59 पर पहुंच गया था। गुरुवार को बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 9.07 अंकों की गिरावट के साथ 17,896.84 पर खुला और 407.03 अंकों या 2.27 फीसदी की तेजी के साथ 18,312.94 पर बंद हुआ। दिन भर के कारोबार में सेंसेक्स ने 18,349.82 के ऊपरी और 17,759.59 के निचले स्तर को छुआ।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 19.75 अंकों की गिरावट के साथ 5,282.80 पर खुला और 105.90 अंकों या 2.00 फीसदी की तेजी के साथ 5,408.45 पर बंद हुआ। दिन भर के कारोबार में निफ्टी ने 5,418.95 के ऊपरी और 5,254.05 के निचले स्तर को छुआ।
बीएसई के मिडकैप और स्मालकैप सूचकांकों में भी तेजी दर्ज की गई। मिडकैप 36.14 अंकों की तेजी के साथ 5,310.17 पर और स्मॉलकैप 27.74 अंकों की तेजी के साथ 5,208.86 पर बंद हुआ।
बीएसई के 13 में से 12 सेक्टरों में तेजी दर्ज की गई। धातु (8.23 फीसदी), तेल एवं गैस (3.57 फीसदी), सार्वजनिक कंपनी (2.98 फीसदी), स्वास्थ्य सेवा (2.64 फीसदी) और सूचना प्रौद्योगिकी (2.55 फीसदी) में सर्वाधिक तेजी दर्ज की गई।