यह ख़बर 25 अगस्त, 2014 को प्रकाशित हुई थी

मामूली बढ़त के साथ शेयर बाजार बंद, सेंसेक्स, निफ्टी ने छुई रिकॉर्ड ऊंचाई

मुंबई:

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) में सोमवार को मामूली बढ़त दर्ज की गई, और उसका संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 17.47 अंक (या 0.07 फीसदी) के उछाल के साथ 26,437.02 पर बंद हुआ।

सेंसेक्स में सुबह से ही बढ़त का दौर बना रहा, और कारोबार के दौरान सूचकांक ने 26,630.74 का सर्वकालिक ऊंचा स्तर भी छुआ था। उधर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के संवेदी सूचकांक निफ्टी में 6.90 अंक (या 0.09 फीसदी) की मामूली गिरावट दर्ज की गई, और वह 7,906.30 पर बंद हुआ, हालांकि कारोबार के दौरान उसने भी 7,968.25 का सर्वकालिक ऊंचा स्तर छुआ था।

दोपहर तक के कारोबार में बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) के 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स ने 26,623.41 के ऐतिहासिक ऊपरी स्तर को छुआ, जबकि इसी दौरान नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी ने 7,966.40 के ऐतिहासिक ऊपरी स्तर को छुआ था।

सेंसेक्स ने इससे पहले 19 अगस्त को 26,530.67 के तब तक के ऐतिहासिक ऊपरी स्तर को छुआ था। निफ्टी ने इससे पहले शुक्रवार 22 अगस्त को 7,929.05 के तब तक के ऐतिहासिक ऊपरी स्तर को छुआ था।

दोपहर करीब 12.55 बजे सेंसेक्स 196.01 अंकों की तेजी के साथ 26,615.56 पर और निफ्टी 47.95 अंकों की तेजी के साथ 7,961.15 पर कारोबार करते देखे गए।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

सेंसेक्स सुबह 70.76 अंकों की तेजी के साथ 26,490.31 पर और निफ्टी 18.55 अंकों की तेजी के साथ 7,931.75 पर खुला।