खास बातें
- शेयर बाजार में पिछले दो दिन से जारी गिरावट मंगलवार को थम गई। रिफाइनरी शेयरों में लिवाली से बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 24 अंक मजबूत होकर बंद हुआ।
मुंबई: शेयर बाजार में पिछले दो दिन से जारी गिरावट आज थम गई। रिफाइनरी शेयरों में लिवाली से बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 24 अंक मजबूत होकर बंद हुआ।
उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में सेंसेक्स बाजार बंद होने के समय 24.42 अंक सुधर कर 16,906.58 अंक पर रहा। इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 6.15 अंक मजबूत होकर 5,120.80 अंक पर टिका।
ब्रोकरों ने कहा कि कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के रुख से रिफाइनरी कंपनियों पर सब्सिडी पर ईंधन की बिक्री करने का बोझ घटने की संभावना है। निवेशकों ने रिफाइनरी कंपनियों के शेयरों में लिवाली की।
रिफाइनरी शेयरों में रिलायंस इंडस्ट्रीज 1.05 प्रतिशत, आयल इंडिया 1.50 प्रतिशत और एचपीसीएल 2.36 प्रतिशत मजबूत हुआ। सेंसेक्स में शामिल 30 में से 20 कंपनियों के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए। लंदन में ब्रेंट क्रूड का अगस्त डिलीवरी के लिए भाव 91.43 डॉलर प्रति बैरल चल रहा था।