शेयर बाजार में नई ऊंचाई दिखी, सेंसेक्स पहली बार 61,000 के पार.
मुंबई: घरेलू शेयर बाजारों में गुरुवारों को रिकॉर्ड तेजी दिखी है. सेंसेक्स-निफ्टी दोनों ने ही आज अपने रिकॉर्ड हाई को छुआ है. बीएसई सेंसेक्स आज पहली बार 61,000 के निशान के ऊपर पहुंच गया, वहीं निफ्टी ने आज 18,300 का लेवल क्रॉस कर लिया. सुबह 11.30 के आसपास निफ्टी 18,314 के आसपास ट्रेड कर रहा था, वहीं उस दौरान सेंसेक्स 61,186 पर था.
आज सेंसेक्स शुरुआती कारोबार के दौरान 350 अंक से अधिक चढ़कर पहली बार 61,000 के स्तर को पार कर गया था.
इस दौरान निफ्टी भी 119.75 अंक या 0.66 प्रतिशत बढ़कर 18,281.50 पर पहुंचा था. बता दें कि वैश्विक बाजारों में सकारात्मक रुख के बीच इंफोसिस, एचडीएफसी बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसे बड़े शेयरों में तेजी के चलते बेंचमार्क इंडेक्स में तेजी आई.
11.49 पर सेंसेक्स में 0.75% या 454.23 की जबरदस्त तेजी दर्ज हुई थी और इंडेक्स 61,191.28 के स्तर पर था. वहीं, इस दौरान निफ्टी 153.65 अंकों या 0.85% की तेजी लेकर 18,315.40 के लेवल पर ट्रेड कर रहा था.
सेंसेक्स में सबसे अधिक दो प्रतिशत की बढ़त एलएडंटी में हुई. इसके अलावा इंफोसिस, एसबीआई, एनटीपीसी, एचडीएफसी बैंक, मारुति, आईटीसी और टाइटन भी तेजी के साथ कारोबार कर रहे थे. दूसरी ओर एचसीएल टेक, टीसीएस, एमएंडएम, इंडसइंड बैंक और बजाज फाइनेंस में गिरावट हुई.
पिछले सत्र में सेंसेक्स 452.74 अंक या 0.75 प्रतिशत बढ़कर 60,737.05 पर बंद हुआ था. सेंसेक्स में लगातार पांचवें बढ़त देखी गई. निफ्टी 169.80 अंक या 0.94 प्रतिशत बढ़कर 18,161.75 पर बंद हुआ था. विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को सकल आधार पर 937.31 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे.
अन्य एशियाई बाजारों में शंघाई, सोल और तोक्यो के शेयर मध्य सत्र में मजबूत लाभ के साथ कारोबार कर रहे थे. इससे पहले वॉल स्ट्रीट पर भी शेयर बाजार सकारात्मक रुझान के साथ बंद हुए.