यह ख़बर 28 जनवरी, 2011 को प्रकाशित हुई थी

दिवाली से अब तक 11 लाख करोड़ रुपये का दिवाला

खास बातें

  • इसमें तीन लाख करोड़ रुपये के मार्केट कैप :शेयरों के कुल बाजार मूल्य: का नुकसान पिछले सिर्फ तीन दिन के कारोबार में हुआ।
मुंबई:

पिछले साल दिवाली से अब तक शेयर बाजार के निवेशकों को करीब 11,00,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। इसमें तीन लाख करोड़ रुपये के मार्केट कैप :शेयरों के कुल बाजार मूल्य: का नुकसान पिछले सिर्फ तीन दिन के कारोबार में हुआ। लगातार तीन कारोबारी सत्रों में गिरावट के बाद बांबे स्टाक एक्सचेंज का सेंसेक्स आज पांच महीने के निचले स्तर पर आ गया। इन तीन दिनों में सेंसेक्स करीब 755 अंक टूट गया जिसमें आज यह 288 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ। सकल बाजार पूंजीकरण के लिहाज से निवेशकों का कुल धन आज 1,32,000 करोड़ रुपये घट गया। इस तरह से शेयर बाजार में सूचीबद्ध सभी कंपनियों का बाजार पूंजीकरण घटकर करीब 66,00,900 करोड़ रुपये पर आ गया जो 5 नवंबर, 2010 को दिवाली के दिन के बाजार पूंजीकरण से करीब 11,00,000 करोड़ कम है। इस दिन सेंसेक्स 21,004.96 अंक के रिकार्ड स्तर पर बंद हुआ था। सेंसेक्स अब गिरकर 18,395.97 अंक पर आ चुका है और दिवाली से अब तक इसमें 2,600 अंक से अधिक की गिरावट आ चुकी है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com