मुंबई:
बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स आज पहली बार 28,000 अंक के पार पहुंचा, हालांकि यह इस स्तर पर कायम न रह सका और 55.50 अंक की बढ़त के साथ 27,915.88 अंक पर बंद हुआ।
सरकार द्वारा सुधार के और उपाय करने एवं रिजर्व बैंक द्वारा दर में कटौती की उम्मीदों के बीच बैंकिंग और आईटी शेयर लिवाली के केंद्र में रहे।
कारोबार के दौरान बीएसई सेंसेक्स 28,010.39 अंक के सर्वकालिक रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। इससे पहले, सेंसेक्स सोमवार को 27,969.82 अंक की रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचा था।
इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 14.15 अंक ऊपर 8,338.30 अंक की रिकॉर्ड ऊंचाई पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान, निफ्टी ने 8,365.55 अंक की ऊंचाई को छुआ।
दिल्ली स्थित शेयर ब्रोकर मनोज चोरड़िया ने कहा, हाल ही में सरकार द्वारा किए गए कुछ आर्थिक सुधारों से बाजार की धारणा मजबूत बनी हुई है। इसके अलावा, कंपनियों के शानदार तिमाही नतीजों से भी बाजार उत्साहित है।