यह ख़बर 22 मई, 2014 को प्रकाशित हुई थी

सेंसेक्स में 76 अंकों की तेजी, निफ्टी नई ऊंचाई पर

मुंबई:

टिकाऊ उपभोक्ता सामान, रीयल्टी, बिजली व सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के शेयरों में लिवाली बढ़ने से बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स गुरुवार को 76 अंक चढ़कर लगभग नई रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 23.50 अंक के लाभ के साथ नई रिकॉर्ड ऊंचाई 7,276.40 अंक पर बंद हुआ। इससे पहले 20 मई को निफ्टी 7,275.50 अंक पर बंद हुआ था। बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स मजबूत रुख के साथ खुलने के बाद दिन के उच्च स्तर 24,524.76 अंक पर पहुंच गया।

पूंजी प्रवाह बढ़ने तथा नई सरकार द्वारा आर्थिक वृद्धि के लिए कदम उठाने की उम्मीद में सेंसेक्स में तेजी आई। हालांकि, आईटी शेयरों में कुछ मुनाफावसूली चलने से यह लाभ सिमट गया। अंत में सेंसेक्स 76.38 अंक या 0.31 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,374.40 अंक पर बंद हुआ। पिछले सत्र में सेंसेक्स में 78.86 अंक की गिरावट आई थी और यह अपने रिकॉर्ड स्तर 24,376.88 अंक से नीचे आ गया था।

बोनान्जा पोर्टफोलियो की शोध विश्लेषक निधि सारस्वत ने कहा, स्मॉलकैप व मिडकैप शेयर फिर चमक में रहे। रीयल्टी क्षेत्र के शेयरों में विशेष लाभ रहा। ज्यादातर बैंकिंग शेयरों में भी लिवाली देखी गई। रिजर्व बैंक द्वारा सोने के आयात पर जारी प्रतिबंधों में ढील के बाद आभूषण कंपनियों के शेयर भी मांग में रहे। इससे टाइटन, गीतांजलि जेम्स व राजेश एक्सपोर्ट्स के शेयरों में तेजी आई। इसके साथ ही पीसी ज्वेलर, त्रिभुवनदास भीमजी झावेरी व श्रीगणेश ज्वेलरी हाउस के शेयर भी चढ़ गए।

एशियाई बाजारों में भी तेजी का रुख रहा। विभिन्न वर्गों के सूचकांकों में टिकाऊ उपभोक्ता सामान वर्ग का सूचकांक सबसे ज्यादा 6.78 प्रतिशत चढ़ गया। रीयल्टी में 5.54 प्रतिशत, बिजली में 2.20 प्रतिशत, पीएसयू में 1.80 प्रतिशत व धातु में 1.80 प्रतिशत की बढ़त रही।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com