गिरावट के बाद संभला बाजार, सेंसेक्स 190 अंक उछला

गिरावट के बाद संभला बाजार, सेंसेक्स 190 अंक उछला

मुंबई:

एक दिन की गिरावट के बाद बुधवार को शेयर बाजार में तेजी रही और बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 190 अंक के उछाल के साथ 23,381.87 अंक पर बंद हुआ। तेल-गैस, स्वास्थ्य देखभाल, वाहन और धातु कंपनियों के शेयरों में लिवाली का जोर रहा।

30 शेयरों वाला सेंसेक्स तेजी के साथ खुला, लेकिन मुनाफावसूली से यह 23,000 के मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे दिन के निचले स्तर 22,920.84 अंक तक गिर गया। हालांकि आखिरी एक घंटे में मजबूत लिवाली समर्थन से यह गिरावट से उबरते हुए 189.90 अंक की बढ़त लेकर 23,381.87 अंक पर बंद हुआ।

इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 7,100 का स्तर लांघते हुए 60.20 अंक ऊपर 7,108.45 अंक पर बंद हुआ। ब्रोकरों ने कहा कि बिकवाली की मार से निचले स्तर पर उपलब्ध सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के शेयरों में लिवाली से बाजार में धारणा मजबूत हुई। हालांकि, डॉलर के मुकाबले रुपया 30 महीने के निचले स्तर पर आने से तेजी सीमित हो गई।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है)