मुंबई:
देश के शेयर बाजार सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को गिरावट के साथ बंद हुए। प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 16.81 अंकों की गिरावट के साथ 24,217.34 पर और निफ्टी 5.70 अंकों की गिरावट के साथ 7,229.95 पर बंद हुए।
बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 66.84 अंकों की तेजी के साथ 24,300.99 पर खुला और 16.81 अंकों यानी 0.07 फीसदी की गिरावट के साथ 24,217.34 पर बंद हुआ। दिन भर के कारोबार में सेंसेक्स ने 24,353.59 के ऊपरी और 24,163.62 के निचले स्तर को छुआ।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 19.20 अंकों की तेजी के साथ 7,254.85 पर खुला और 5.70 अंकों यानी 0.08 फीसदी गिरावट के साथ 7,229.95 पर बंद हुआ। दिन भर के कारोबार में निफ्टी ने 7,272.50 के ऊपरी और 7,118.45 के निचले स्तर को छुआ।
बीएसई के मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांकों में तेजी दर्ज की गई। मिडकैप 32.82 अंकों की तेजी के साथ 8,467.22 पर और स्मॉलकैप 30.36 अंकों की तेजी के साथ 9,015.73 पर बंद हुआ। बीएसई के 12 में से 9 सेक्टरों में तेजी दर्ज की गई। स्वास्थ्य सेवा (2.59 फीसदी), रियल्टी (2.00 फीसदी),तेज खपत उपभोक्ता वस्तु (1.34 फीसदी), बिजली (0.78 फीसदी) और प्रौद्योगिकी (0.52 फीसदी) में सर्वाधिक तेजी दर्ज की गई।