यह ख़बर 22 जनवरी, 2011 को प्रकाशित हुई थी

तीसरी तिमाही में RIL को तगड़ा मुनाफा

खास बातें

  • रिलायंस इंडस्ट्रीज ने दिसंबर तिमाही में 5,136 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया है, जो पिछले वित्तवर्ष की समान तिमाही से 28.14 प्रतिशत अधिक है।
Mumbai:

देश की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज ने दिसंबर, 2010 में समाप्त चालू वित्तवर्ष की तीसरी तिमाही में 5,136 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया है, जो इससे पिछले वित्तवर्ष की समान तिमाही से 28.14 प्रतिशत अधिक है। कंपनी के रिफाइनरी तथा पेट्रो रसायन कारोबार के जोरदार प्रदर्शन से उसके मुनाफे में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज हुई है। तिमाही के दौरान मुकेश अंबानी की अगुवाई वाली कंपनी का कारोबार छह प्रतिशत बढ़कर 62,399 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इससे पिछले वित्तवर्ष की समान तिमाही में 58,848 करोड़ रुपये रहा था। आरआईएल के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने नतीजों पर टिप्पणी करते हुए कहा, रिलायंस के लिए एक और अच्छी तिमाही रही। रिफाइनिंग और पेट्रोरसायन दोनों क्षेत्रों के मार्जिन में सुधार हुआ और कुछ उत्पाद तो ऐतिहासिक ऊंचाई तक पहुंच गए। कंपनी ने एक बयान में कहा है कि 31 दिसंबर, 2010 को समाप्त नौ माह की अवधि में उसका कारोबार 31 प्रतिशत बढ़कर 1,83,368 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। नौ माह की अवधि में कंपनी का निर्यात 29.2 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 1,00,995 करोड़ रुपये रहा। बंबई शेयर बाजार में आरआईएल का शेयर शुक्रवार को 1.73 प्रतिशत की बढ़त के साथ 986.50 रुपये पर बंद हुआ। हालांकि, कंपनी के नतीजे बाजार बंद होने के बाद आए हैं। विश्लेषकों का कहना है कि बेहतर नतीजों की उम्मीद में कंपनी के शेयरों में तेजी आई।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com