खास बातें
- रंगराजन ने कहा है कि पेट्रोलियम की खुदरा कीमतें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल के मूल्यों को दर्शाने वाली होनी चाहिए।
चेन्नई: प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के चेयरमैन सी रंगराजन ने डीजल कीमतों को नियंत्रणमुक्त करने की वकालत करते हुए कहा कि पेट्रोलियम की खुदरा कीमतें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल के मूल्यों को दर्शाने वाली होनी चाहिए। रंगराजन ने एक कार्यक्रम के मौके पर कहा, मुझे लगता है कि यह होना चाहिए। भारत में पेट्रोलियम के खुदरा दामों में अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतों की छाप दिखाई देनी चाहिए। ऐसे में किसी सुविधाजनक समय पर हमें डीजल कीमतों को नियंत्रणमुक्त करने की प्रक्रिया शुरू करनी होगी। उन्होंने कहा कि समय-समय पर पेट्रोलियम उत्पादों के दामों में वृद्धि का बड़ा कदम उठाना पड़ता है। इसलिए मैं डीजल कीमतों को नियंत्रणमुक्त करने की वकालत कर रहा हूं। इससे पहले इसी सप्ताह वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी ने कहा था कि सरकार का डीजल और रसोई गैस कीमतों को नियंत्रणमुक्त करने का प्रस्ताव है। पेट्रोल को हमने नियंत्रणमुक्त कर दिया है। डीजल, केरोसिन और एलपीजी को हम करना चाहते हैं पर केरोसिन के मामले में हमें कुछ सब्सिडी देनी होगी, क्योंकि जिन लोगों की बिजली तक पहुंच नहीं है वे रोशनी के लिए मिट्टी के तेल का इस्तेमाल करते हैं।