खास बातें
- प्रणब मुखर्जी के राष्ट्रपति भवन जाना तय होने के साथ ही इस बात के संकेत मिले हैं कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह कुछ समय के लिए वित्त मंत्रालय को अपने पास ही रख सकते हैं।
नई दिल्ली: प्रणब मुखर्जी के राष्ट्रपति भवन जाना तय होने के साथ ही इस बात के संकेत मिले हैं कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह कुछ समय के लिए वित्त मंत्रालय को अपने पास ही रख सकते हैं।
देश की अर्थव्यवस्था जिस बुरे दौर से गुजर रही है, उसे ध्यान में रखते हुए इस बात की संभावना है कि सिंह वित्त मंत्रालय अपने पास रख सकते हैं।
प्रधानमंत्री कार्यालय में मंत्री वी नारायणसामी के अनुसार प्रधानमंत्री नौ दिन की विदेश यात्रा से 23 जून को लौटेंगे जिसके बाद मुखर्जी वित्त मंत्री पद से इस्तीफा देंगे और राष्ट्रपति पद के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगे।
सिंह ने संप्रग प्रथम के दौरान भी कुछ समय के लिए तब वित्त मंत्रालय का प्रभार अपने पास ही रखा था जब नवंबर, 2003 के मुम्बई आतंकवादी हमले के बाद पी चिदम्बरम को गृहमंत्री बनाया गया था।
नॉर्थ ब्लॉक से मुखर्जी की संभावित विदाई से मंत्रिमंडल में महत्वपूर्ण फेरबदल हो सकता है।
राष्ट्रपति चुनाव में तृणमूल कांग्रेस के विद्रोह और यूपीए के उम्मीदवार के खिलाफ अपना उम्मीदवार खड़ा करने के उसके फैसले के मद्देनजर मंत्रिमंडल में उसके बने रहने पर सवाल पैदा हो गया।