खास बातें
- प्रत्येक राज्य में स्थानीय करों के हिसाब से यह कटौती 2.46 रुपये से लेकर 3.22 रुपये तक होगी। अब पेट्रोल दिल्ली में 67.78, मुंबई में 73.35, कोलकाता में 72.24 तथा चेन्नई में 72.27 रुपये प्रति लिटर मिलेगा।
मुंबई: तेल विपणन कंपनियों ने गुरुवार आधी रात से पेट्रोल के दाम 2.46 रु प्रति लिटर घटाने का ऐलान किया है। पेट्रो मूल्यों में यह कटौती विश्व बाजार में कच्चे तेल की कीमतों और अमेरिकी डॉलर की तुलना में रुपये की विनिमय दर के आधार पर की गई है।
प्रत्येक राज्य में स्थानीय करों के हिसाब से यह कटौती 2.46 रुपये से लेकर 3.22 रुपये तक होगी। अब दिल्ली में 70.24 के स्थान पर 67.78 रुपये का एक लिटर पेट्रोल मिलेगा। मुंबई में 3.10 रुपये प्रति लिटर के कटौती के बाद पेट्रोल की बिक्री 76.45 के स्थान पर 73.35 रुपये के दाम से की जाएगी। कोलकाता में अब एक लिटर पेट्रोल के लिए 3.07 रुपये कम चुकाने होंगे, और वह 75.81 की जगह 72.24 रुपये प्रति लिटर बिकेगा। चेन्नई में पेट्रोल की कीमतों में 3.13 रुपये की कमी आएगी, और वहां एक लिटर पेट्रोल के लिए 75.40 के स्थान पर 72.27 रुपये प्रति लिटर देने होंगे। हैदराबाद और बेंगलुरू में पेट्रोल के दामों में सबसे ज़्यादा कमी 3.22 रुपये होगी, जहां क्रमशः 78.11 और 79.61 के स्थान पर 74.89 और 76.39 रुपये प्रति लिटर चुकाने होंगे।
मई की 23 तारीख को पेट्रोल के दामों में हुई 6.28 रुपये (कर अतिरिक्त) की सबसे बड़ी बढ़ोतरी के बाद यह दूसरी बार दामों में कमी की गई है। जून की 3 तारीख को भी तेल कंपनियों ने 1.68 रुपये प्रति लिटर की कटौती की थी।