खास बातें
- रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेशा अंबानी ने कंपनी के अलग-अलग कारोबार में दस्तक देने को लेकर निवेशकों की आशंका को गुरुवार को खारिज किया।
मुंबई: रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेशा अंबानी ने कंपनी के अलग-अलग कारोबार में दस्तक देने को लेकर निवेशकों की आशंका को गुरुवार को खारिज किया। उन्होंने कहा कि कंपनी किसी भी ‘असंबद्ध क्षेत्र’ पर ध्यान नहीं दे रही है और खुदरा तथा दूरसंचार क्षेत्र में जो भी निवेश हुआ उससे उचित समय पर लाभ मिलेगा।
कंपनी की वार्षिक आम बैठक में शेयरधारकों को संबोधित करते हुए अंबानी ने कहा, ‘‘हम नये उपभोक्ता मूल्य श्रृंखला का निर्माण कर रहे हैं। अगर आप दुनिया भर में शीर्ष मूल्यवर्धक कंपनियों को देखें तो वे ऊर्जा कंपनियां एवं उपभोक्ता कंपनियां हैं। भारत में हमारे पास अच्छा अवसर है जहां हम 10 साल में खुदरा कारोबार में पूर्ण मूल्य श्रृंखला का निर्माण कर सकते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं आपको आश्वस्त करता हूं कि हमने जो भी निवेश किया है, उसका उपयुक्त समय पर लाभ मिलेगा और हम किसी भी असंबद्ध क्षेत्र पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।’’ अंबानी ने कहा कि रिलायंस इंडस्ट्रीज ने हमेशा भविष्य के कारोबार में निवेश किया है। अगर ऐसा नहीं होता तो कंपनी कपड़ा कंपनी के रूप में समाप्त हो सकती थी।
कंपनी ने अगले पांच साल में परिचालन लाभ दोगुना करने के लिये ऊर्जा, खुदरा तथा दूरसंचार कारोबार में 1,00,000 करोड़ रुपये के निवेश योजना की घोषणा की है।