खास बातें
- कार बिक्री में कमी के रुझान के बीच मारुति सुजुकी इंडिया ने कहा है कि वह छोटे वाणिज्यिक वाहन (एलसीवी) क्षेत्र में प्रवेश करेगी और अगले दो साल में एलसीवी लॉन्च करेगी।
नई दिल्ली: कार बिक्री में कमी के रुझान के बीच मारुति सुजुकी इंडिया ने कहा है कि वह छोटे वाणिज्यिक वाहन (एलसीवी) क्षेत्र में प्रवेश करेगी। कंपनी ने 30 साल पहले जब परिचालन शुरू किया था, तब इस क्षेत्र के लिए भी शुरुआती योजना तैयार की गई थी।
देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी ने कहा कि वह अगले दो साल में एलसीवी लॉन्च करेगी, जो टाटा मोटर्स की 'एस' से मुकाबला करेगी। इस वाहन का विकास मूल कंपनी सुजुकी मोटर कार्प (एसएमसी) के कैरी प्लैटफॉर्म से होगा। इस एलसीवी को चीन, इंडोनेशिया और पाकिस्तान में बेचा जाता है।
मारुति सुजुकी इंडिया के अध्यक्ष आरसी भार्गव ने संवाददाताओं से कहा, इसकी योजना 1982 के मूल समझौते (एसएमसी) में है कि कैरी एलसीवी को भारत में पेश किया जाएगा, लेकिन उस वक्त बाजार से अच्छी प्रतिक्रिया नहीं मिलने के कारण इसे टाल दिया गया। अब हालात बदल गए हैं और निदेशक मंडल ने भारत में एलसीवी पेश करने की योजना को मंजूरी दे दी है।
उन्होंने कहा, पिछले दो साल में हमें भारत में एलसीवी की मांग बढ़ती दिख रही है और हमारा मानना है कि हम इस खंड में बेहतर उत्पाद पेश कर सकते हैं, क्योंकि सुजुकी बरसों से यह काम कर रही है। भार्गव ने कहा कि मारुति सुजूकी ने एलसीवी के नाम पर अभी फैसला नहीं किया है। यह वाहन सीएनजी और डीजल दोनों मॉडल में उपलब्ध होंगे।
यह पूछने पर कि एलसीवी को अलग बेचा जाएगा या फिर एक ही शोरूम में कार के साथ बेचा जाएगा, एमएसआई के मुख्य परिचालन अधिकारी (विपणन एवं बिक्री) मयंक पारीख ने कहा, हमने अब तक रणनीति पर फैसला नहीं किया है, लेकिन सुजुकी अपना एलसीवी कैरी चीन, इंडोनेशिया और पाकिस्तान में मिले-जुले और विशिष्ट शोरूम में बेच रही है।