यह ख़बर 19 सितंबर, 2012 को प्रकाशित हुई थी

ममता के दबाव में न आए सरकार, सुधार जारी रखे : उद्योग जगत

खास बातें

  • उद्योग जगत ने कहा है कि सरकार को तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी के दबाव में नहीं आना चाहिए। आनंद महिंद्रा और किरण मजूमदार शॉ जैसे उद्योगपतियों ने सरकार से इन फैसलों पर किसी तरह के दबाव में न आते हुए सुधार प्रक्रिया जारी रखने को कहा है।
नई दिल्ली:

उद्योग जगत ने कहा है कि सरकार को तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी के दबाव में नहीं आना चाहिए। आनंद महिंद्रा और किरण मजूमदार शॉ जैसे उद्योगपतियों ने सरकार से इन फैसलों पर किसी तरह के दबाव में न आते हुए सुधार प्रक्रिया जारी रखने को कहा है।

बायोकॉन की चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक शॉ ने ममता को एक ‘लीक से हटकर राजनीतिज्ञ’ करार देते हुए कहा कि उनकी वोट बैंक की राजनीति आर्थिक वृद्धि से मेल नहीं खाती।

शॉ ने ट्वीट किया है, ‘ममता दीदी एक लीक से हटकर नेता हैं, जो गरीब लोगों के वोट बैंक पर निर्भर हैं। उनका आर्थिक एजेंडा आर्थिक वृद्धि से मेल नहीं खाता।’ सरकार के बहुब्रांड खुदरा क्षेत्र में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश के फैसले को सही ठहराते हुए शॉ ने कहा कि खुदरा क्षेत्र में एफडीआई को लेकर जो आशंका बनी है, वैसा ही डर उस समय भी पैदा हुआ था जब मैकडॉनल्ड्स और अन्य ने यहां अपने शृंखला स्थापित की थी।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

महिंद्रा एंड महिंद्रा के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने भी सरकार से पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री की मांगों के आगे नहीं झुकने को कहा है। महिंद्रा ने कहा कि इसके बजाय सरकार को सुधारों की प्रक्रिया को जारी रखना चाहिए।