जापानी एयरलाइन की फाइल तस्वीर
लंदन:
दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था जापान मंदी में फंस चुका है। लगातार दूसरी तिमाही में जापान की अर्थव्यवस्था में गिरावट दर्ज की गई है।
बीबीसी के मुताबिक साल दर साल आधार पर तीसरी तिमाही (जुलाई से सितंबर) में जापान के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में 1.6 फीसदी गिरावट रही है।
इससे पहले दूसरी तिमाही में अर्थव्यवस्था में 7.3 फीसदी गिरावट (संशोधित) दर्ज की गई थी, जो मार्च 2011 में आए भूकंप और सूनामी के बाद सबसे बड़ी गिरावट थी।
अप्रैल-जून तिमाही के मुकाबले जुलाई-सितंबर तिमाही में अर्थव्यवस्था में 0.4 फीसदी गिरावट दर्ज की गई है।
आंकड़ों के मुताबिक जापान की अर्थव्यवस्था में 60 फीसदी योगदान करने वाले निजी क्षेत्र की खपत आलोच्य अवधि में उम्मीद से काफी कम रही।
बीबीसी के मुताबिक मूडीज एनालिटिक्स के वरिष्ठ अर्थशास्त्री ग्लेन लेविन ने कहा, "जापान की अर्थव्यवस्था मंदी में है और गत चार तिमाहियों में से तीन में इसमें गिरावट रही है।"
नकारात्मक आंकड़े पर जापान का एक प्रमुख शेयर सूचकांक निक्के ई 225 सोमवार को करीब तीन फीसदी गिरावट के साथ 16,973.80 पर बंद हुआ, अगस्त के बाद से किसी भी एक कारोबारी सत्र की यह सबसे बड़ी गिरावट है।